बलरामपुर में पति-पत्नी की संदिग्ध मौत, कमरे में बिस्तर पर मिले दोनों के शव

Murder in Haridwar

बलरामपुर : उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले में पति-पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। गैंडास बुजुर्ग थाना क्षेत्र के पीर गेडास गांव में सोमवार को दोनों के शव घर के एक कमरे में बिस्तर पर पड़े मिले। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मृतकों की पहचान मनोज (28) और उसकी पत्नी मंजू देवी (26) के रूप में हुई है। दोनों अपने दो बच्चों के साथ गांव में रहते थे। मनोज पिछले करीब दो वर्षों से दुबई में नौकरी कर रहा था और पिछले महीने ही घर लौटा था। दोनों की शादी करीब आठ वर्ष पहले हुई थी। उनके दो बच्चे हैं, जिनकी उम्र पांच और तीन वर्ष बताई गई है।

दरवाजा तोड़कर कमरे में पहुंचे परिजन

परिजनों के मुताबिक, सोमवार शाम तक मनोज और मंजू कमरे से बाहर नहीं निकले। काफी देर तक आवाज देने के बावजूद जब अंदर से कोई जवाब नहीं मिला तो परिवार को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद परिजनों ने दरवाजा तोड़ा।

कमरे के अंदर दोनों बिस्तर पर अचेत अवस्था में पड़े मिले। परिजन तत्काल दोनों को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। एक साथ पति-पत्नी की मौत की खबर से गांव में मातम छा गया।

आत्महत्या की आशंका, जांच जारी

अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। प्रथम दृष्टया घटना आत्महत्या की प्रतीत हो रही है, लेकिन मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगी।

पुलिस क्षेत्राधिकारी जितेंद्र कुमार के अनुसार, दोनों के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल भी निकलवाई जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना से पहले दोनों की किससे बातचीत हुई थी और उनके बीच किसी तरह का तनाव तो नहीं था। फिलहाल पुलिस घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों को जुटा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही पति-पत्नी की मौत की असली वजह सामने आने की उम्मीद है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया News 14 Today के  Facebook  पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts