लखनऊ : राजधानी लखनऊ के पारा इलाके में अवैध डेयरियों के खिलाफ नगर निगम की कार्रवाई के दौरान जमकर हंगामा हुआ। कार्रवाई का विरोध कर रहे लोगों पर पुलिस और नगर निगम की संयुक्त टीम पर पथराव और हमला करने का आरोप है। इस दौरान बुद्धेश्वर चौकी प्रभारी दरोगा विनय पटेल को दौड़ाकर पीटा गया। आरोप है कि उन पर लोहे की जंजीर से भी हमला किया गया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई और छह टांके लगाने पड़े।

रविवार को नगर निगम के जोन-6 की टीम पुलिस बल के साथ पारा क्षेत्र में अवैध डेयरियों के खिलाफ अभियान चलाने पहुंची थी। टीम ने कार्रवाई शुरू की तो कुछ लोगों ने इसका विरोध किया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और पथराव शुरू हो गया। हमले में दरोगा विनय पटेल के अलावा नगर निगम के कर्मचारी अवधेश कुमार, अभिनव और फुरकान भी घायल हुए। उपद्रव के दौरान नगर निगम के तीन सरकारी वाहनों के शीशे भी तोड़ दिए गए। घटना के बाद पुलिस और नगर निगम की ओर से पारा थाने में तहरीर दी गई।
24 लोगों के खिलाफ मुकदमा
पुलिस ने मामले में 12 नामजद और 12 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। आरोपियों में अबरार, इमरान, सालून, सुबिल, सराफत, अतीक, आशिफ, वारिस, नसीम, रानू, जीशान और नाफिस समेत अन्य लोग शामिल हैं। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए खुशबू और आफरीन नाम की दो महिलाओं को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। बाकी आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के जरिए हमले में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।
तीन थानों की फोर्स के साथ फिर पहुंची टीम
घटना के बाद प्रशासन ने अवैध डेयरियों के खिलाफ अभियान और सख्ती से चलाने का फैसला किया। मंगलवार को नगर निगम की कैटल कैचर टीम के साथ तीन थानों की पुलिस और एक कंपनी पीएसी मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मी हेलमेट और बुलेटप्रूफ जैकेट से लैस थे। भारी सुरक्षा के बीच नगर निगम ने चार मोहल्लों में कार्रवाई करते हुए करीब 200 भैंसों को पकड़कर हटाया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अवैध डेयरियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
मेयर बोलीं- पूरा इलाका साफ कर देंगे
कार्रवाई के दौरान मेयर सुषमा खर्कवाल और नगर आयुक्त गौरव कुमार भी मौके पर पहुंचे। मेयर ने पुलिस और नगर निगम की टीम पर हुए हमले को गंभीर बताते हुए कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने वाली पुलिस पर हमला किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इलाके में अवैध डेयरियों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और पूरा इलाका साफ कराया जाएगा। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश और सीसीटीवी फुटेज की जांच में जुटी है।

