अग्निवीर भर्ती रैली में बागपत के 970 युवाओं ने लिया हिस्सा, 670 ने पास की शारीरिक परीक्षा

अग्निवीर भर्ती रैली में बागपत के 970 युवाओं ने लिया हिस्सा, 670 ने पास की शारीरिक परीक्षा

सहारनपुर : बागपत जिले की बड़ौत और खेकड़ा तहसील के 970 अभ्यर्थियों ने मंगलवार को सहारनपुर में हो रही अग्निवीर भर्ती रैली में हिस्सा लिया। कड़ी मेहनत और जोश के साथ हिस्सा लेने वाले युवाओं में से 670 ने पहली फिजिकल परीक्षा पास कर ली। सफल अभ्यर्थी अब भर्ती प्रक्रिया के अगले चरणों का सामना करेंगे। भर्ती प्रक्रिया के तहत अभ्यर्थियों ने पहले दौड़ लगाई। दौड़ में सफल होने वालों का शारीरिक माप, बीम और पुश-अप समेत अन्य तय मानकों पर टेस्ट लिया गया। फिजिकल एफिशिएंसी टेस्ट पास करने वालों का फिर डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और मेडिकल जांच होगी। तय मानकों को पूरा करने के आधार पर फाइनल सिलेक्शन होगा।

सहारनपुर के डॉ. भीम राव अंबेडकर स्टेडियम में हो रही अग्निवीर भर्ती रैली में हिस्सा लेने के लिए अभ्यर्थी सोमवार देर रात से ही सहारनपुर पहुंचने लगे थे। बड़ी संख्या में युवाओं के आने की उम्मीद को देखते हुए स्टेडियम के साथ-साथ रेलवे स्टेशन और रोडवेज बस स्टैंड पर भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। खास जगहों पर बैरिकेड लगाए गए थे और CCTV कैमरों से गतिविधियों पर नज़र रखी जा रही थी। बुधवार को बागपत तहसील के उम्मीदवारों के साथ-साथ बिजनौर जिले की नगीना और चांदपुर तहसील के युवा अग्निवीर भर्ती रैली में हिस्सा लेंगे। यह भर्ती रैली आर्मी रिक्रूटमेंट ऑफिस, मेरठ के तहत आने वाले 13 जिलों के युवाओं के लिए सहारनपुर में हो रही है।

जानकारी के मुताबिक, ARO मेरठ के तहत ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम में करीब 89,000 युवाओं ने हिस्सा लिया था। इनमें से 28,100 उम्मीदवारों को फिजिकल एफिशिएंसी टेस्ट के लिए चुना गया है। भर्ती प्रक्रिया के दौरान रोजाना करीब 1,200 युवाओं का फिजिकल टेस्ट किया जा रहा है। सहारनपुर के डॉ. भीमराव अंबेडकर स्टेडियम में चल रही अग्निवीर भर्ती रैली 9 सितंबर तक चलेगी। सहारनपुर जिले के जनरल ड्यूटी उम्मीदवारों का फिजिकल एग्जाम 1 सितंबर को होगा। सेना में भर्ती होने का सपना लेकर आ रहे युवाओं में भर्ती रैली को लेकर काफी उत्साह है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया News 14 Today के  Facebook  पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts