सहारनपुर : शादी की तारीख तय हो चुकी थी, कार्ड छप गए थे और परिवार में खुशियों की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन दूल्हों के नाम को लेकर उठे विवाद ने दो बहनों के निकाह को अचानक तनाव के बीच ला खड़ा किया। सहारनपुर में दो मुस्लिम बहनों के निकाह को लेकर कथित विरोध और धमकियों का मामला सामने आया है। आरोप है कि दूल्हों के हिंदू नाम होने के कारण कुछ लोग इस रिश्ते का विरोध कर रहे हैं। इतना ही नहीं, निकाह के लिए बुक किए गए विवाह मंडप के मालिक को फोन कर कार्यक्रम रद्द करने का दबाव बनाने और समारोह के दिन हंगामा कराने की धमकी भी दी गई। परेशान दोनों बहनों ने पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है।
मामला सहारनपुर के मोहल्ला अनारकली का है। यहां रहने वाली दो सगी बहनों ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके माता-पिता ने दोनों का रिश्ता दो सगे भाइयों के साथ तय किया है। दोनों युवक मुस्लिम हैं, लेकिन उनके परिवार में कई पीढ़ियों से हिंदू नाम रखने की परंपरा चली आ रही है। दोनों परिवारों की सहमति से निकाह की तारीख 12 नवंबर निर्धारित की गई थी। इसके लिए मोहल्ला मोहम्मद गौरी स्थित बड़े कब्रिस्तान के पास एक विवाह मंडप भी बुक कराया गया था।
दूल्हों के नाम को लेकर शुरू हुआ विरोध
शिकायत के मुताबिक, निकाह की तैयारियां आगे बढ़ने के साथ ही दूल्हों के नाम को लेकर कुछ लोगों ने आपत्ति जतानी शुरू कर दी। बहनों का आरोप है कि कुछ लोग नहीं चाहते कि मुस्लिम पहचान वाले परिवारों में हिंदू नाम रखने वाले युवकों के साथ उनका निकाह हो। इसी कथित विरोध के चलते अब शादी के आयोजन में बाधा डालने की कोशिश की जा रही है।
परिवारों के अनुसार, दोनों रिश्ते आपसी सहमति से तय किए गए हैं और निकाह की सभी तैयारियां पहले से चल रही थीं। शादी के कार्ड छप चुके हैं और रिश्तेदारों को निमंत्रण भी दिया जा चुका है। निकाह का कार्ड सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है।
मंडप मालिक को फोन कर धमकाने का आरोप
मामले ने उस समय गंभीर रूप ले लिया, जब कथित तौर पर एक व्यक्ति ने विवाह मंडप के मालिक को फोन कर निकाह का कार्यक्रम रद्द करने का दबाव बनाया। बहनों का आरोप है कि फोन करने वाले ने निकाह के दिन मंडप में हंगामा कराने की धमकी भी दी।
कथित धमकी के बाद मंडप मालिक समारोह आयोजित कराने को लेकर असमंजस में पड़ गया। इससे दोनों परिवारों की चिंता बढ़ गई है। अब परिवार के सामने निर्धारित तारीख पर निकाह संपन्न कराने की चुनौती है।
पुलिस से मांगी सुरक्षा, जांच शुरू
दोनों बहनों ने पुलिस से आशंका जताई है कि यदि निकाह के दिन पर्याप्त सुरक्षा नहीं मिली तो विरोध करने वाले लोग विवाह मंडप में पहुंचकर हंगामा कर सकते हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि 12 नवंबर को निकाह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था की जाए और मंडप मालिक को धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान कर कार्रवाई की जाए।
सीओ शैलेंद्र प्रताप गौतम ने बताया कि दोनों बहनों की शिकायत प्राप्त हुई है। पुलिस को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। विवाह मंडप मालिक को किए गए कथित धमकी भरे फोन की भी जांच कराई जाएगी। फिलहाल पुलिस की जांच जारी है। दोनों परिवारों को उम्मीद है कि प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था में उनका निकाह बिना किसी बाधा के संपन्न हो सकेगा।

