लखनऊ : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को लखनऊ में आयोजित भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने 30 अक्टूबर 1990 को अयोध्या में रामभक्तों पर हुई गोलीबारी का जिक्र करते हुए सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से सवाल किया कि रामभक्तों पर गोली चलवाने वाले लोग किस मुंह से सरकार बनाने की बात करते हैं? शाह ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में भाजपा लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी। साथ ही उन्होंने घोषणा की कि प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने पर समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू की जाएगी।
रामभक्तों पर गोलीबारी को लेकर सपा पर निशाना
डॉ. राम मनोहर लोहिया नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी में आयोजित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश के इतिहास में 30 अक्टूबर का विशेष महत्व है। इसी दिन वर्ष 1990 में अयोध्या में रामभक्तों पर गोलियां चलाई गई थीं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने राम मंदिर का निर्माण कराया है और जनता रामभक्तों पर गोली चलवाने वालों को कभी माफ नहीं करेगी।
शाह ने कहा कि जनता ऐसे लोगों को उनकी अगली पीढ़ियों तक माफ नहीं करेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में हुए बदलावों का उल्लेख करते हुए दावा किया कि भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव में भी जीत दर्ज करेगी।
2014 से भाजपा की सफलता का किया जिक्र
गृह मंत्री ने उत्तर प्रदेश में भाजपा के राजनीतिक सफर का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2014 के आसपास पार्टी की स्थिति कमजोर थी। संगठन को मजबूत करने के लिए उन्होंने प्रदेश में व्यापक स्तर पर काम किया। इसके बाद पार्टी ने लोकसभा और विधानसभा चुनावों में उल्लेखनीय सफलता हासिल की।
शाह के मुताबिक, वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने उत्तर प्रदेश में 41 प्रतिशत वोट हासिल करते हुए 73 सीटें जीती थीं। वहीं, वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में पार्टी ने लगभग 40 प्रतिशत वोट के साथ 312 सीटों पर जीत दर्ज की। उन्होंने कहा कि यह सफलता संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम थी।
उत्तर प्रदेश में भी लागू करेंगे यूसीसी
अमित शाह ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) का मुद्दा उठाते हुए कहा कि कई राज्यों में इसे लागू किया जा चुका है। उन्होंने कार्यकर्ताओं और जनता से भाजपा को समर्थन देने की अपील करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाइए, यहां भी यूसीसी लागू करेंगे।
उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ने माफिया के खिलाफ कार्रवाई की है और कानून-व्यवस्था में सुधार किया है। शाह ने यह भी कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं को उत्तर प्रदेश में धरातल पर उतारने का काम किया गया है।
गृह मंत्री ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव में हारने के बाद विपक्ष चुनाव आयोग पर सवाल उठाने लगता है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के मुद्दे पर विशेष सत्र बुलाकर चर्चा कर ली जाए, भाजपा इसके लिए तैयार है।
शाह ने दावा किया कि भाजपा ने गुजरात, हरियाणा, असम और अरुणाचल प्रदेश सहित कई राज्यों में सरकार बनाई है। उन्होंने कहा कि अब उत्तर प्रदेश में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने का समय है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि अगर मोदी इसी तरह काम करते रहे तो वह चौथी बार भी प्रधानमंत्री बन सकते हैं।
कार्यकर्ताओं को दिया मेहनत का संदेश
अमित शाह ने कार्यकर्ताओं से कहा कि केवल बड़े पदों की आकांक्षा रखने से सफलता नहीं मिलती। इसके लिए जमीन पर उतरकर जनता के बीच काम करना जरूरी है। उन्होंने बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने और हर वर्ग तक पहुंचने पर जोर दिया।
बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने भी कार्यकर्ताओं की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि सरकार योजनाएं बनाती है, लेकिन उन्हें जनता तक पहुंचाने में बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं का योगदान अहम होता है। प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करने के बाद अमित शाह दिल्ली के लिए रवाना हो गए। उनके जाने के बाद बैठक की कार्यवाही दोबारा शुरू हुई।

