मेरठ जेल में अहोई अष्टमी का व्रत रखेंगी मुस्कान, रविता और दामिनी, बच्चों की लंबी उम्र के लिए मांगी पूजा सामग्री

Chaudhary Charan Singh District Jail

मेरठ : पति की हत्या के चर्चित मामलों में मृत्युदंड की सजा पा चुकीं मुस्कान, रविता और दामिनी अब जेल की सलाखों के पीछे अहोई अष्टमी का व्रत रखेंगी। तीनों महिला बंदियों ने अपनी संतानों की लंबी उम्र और खुशहाली की कामना के लिए एक नवंबर को व्रत रखने की इच्छा जताई है। इसके लिए उन्होंने जेल प्रशासन से अनुमति मांगी है और पूजा सामग्री उपलब्ध कराने का आग्रह किया है। जेल प्रशासन ने उनकी मांग पर आवश्यक सामग्री मुहैया कराने की बात कही है।

बेटियों की लंबी उम्र के लिए व्रत रखेगी मुस्कान

चौधरी चरण सिंह जिला कारागार में बंद मुस्कान रस्तोगी चर्चित सौरभ राजपूत हत्याकांड के कारण सुर्खियों में आई थी। इस मामले को नीले ड्रम हत्याकांड के नाम से भी जाना जाता है। मुस्कान को मामले में मृत्युदंड की सजा सुनाई गई है और उसने सजा के खिलाफ इलाहाबाद हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है।

अब मुस्कान अपनी दोनों बेटियों की लंबी उम्र की कामना के लिए अहोई अष्टमी का व्रत रखने की तैयारी कर रही है। अहोई अष्टमी पर माताएं संतान की लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य और सुख-समृद्धि के लिए पूजा-अर्चना करती हैं। मुस्कान ने भी इसी परंपरा के तहत व्रत रखने के लिए जेल प्रशासन से अनुमति मांगी है।

रविता और दामिनी भी रखेंगी व्रत

पति अमित कश्यप की हत्या के मामले में मृत्युदंड की सजा पा चुकी रविता भी अपने बच्चों की सलामती के लिए अहोई अष्टमी का व्रत रखेगी। बहसूमा में हुए इस हत्याकांड ने काफी सुर्खियां बटोरी थीं। मामले में पति की हत्या के बाद बिस्तर पर सांप छोड़ने की बात भी सामने आई थी।वहीं, हस्तिनापुर में अपने पति अतुल पंवार की हत्या के मामले में जेल में बंद दामिनी ने भी व्रत रखने की इच्छा जताई है।

दामिनी अपने इकलौते बेटे की लंबी उम्र की कामना के लिए पूजा करना चाहती है। इसके लिए उसने भी जेल प्रशासन से अनुमति और पूजा सामग्री उपलब्ध कराने का आग्रह किया है। तीनों महिला बंदियों की मांग है कि उन्हें धार्मिक परंपरा के अनुसार व्रत रखने और पूजा-अर्चना करने के लिए जरूरी सामग्री उपलब्ध कराई जाए।

जेल प्रशासन उपलब्ध कराएगा पूजा सामग्री

वरिष्ठ जेल अधीक्षक डॉ. वीरेश राज शर्मा ने बताया कि मुस्कान, रविता और दामिनी ने एक नवंबर को अहोई अष्टमी का व्रत रखने की अनुमति मांगी है। जेल प्रशासन की ओर से तीनों महिला बंदियों को पूजा सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि वे अपनी धार्मिक आस्था के अनुसार व्रत रख सकें।

करवाचौथ पर 37 महिला बंदियां रखेंगी व्रत

मेरठ की चौधरी चरण सिंह जिला कारागार में करवाचौथ को लेकर भी तैयारियां की जा रही हैं। जेल में अलग-अलग मामलों में बंद 37 महिला बंदियां अपने पतियों की लंबी उम्र और अखंड सुहाग की कामना के लिए करवाचौथ का व्रत रखेंगी। इन महिलाओं ने जेल प्रशासन से करवा उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है।

वरिष्ठ जेल अधीक्षक डॉ. वीरेश राज शर्मा के अनुसार, करवाचौथ का व्रत रखने वाली महिलाओं को करवा उपलब्ध कराया जाएगा। इसके साथ ही जेल में बंद बंदियों और दोषियों को धार्मिक गतिविधियों के लिए आवश्यक पूजा-पाठ की सामग्री भी मुहैया कराई जाएगी।

जेल प्रशासन के इस इंतजाम के तहत महिला बंदियों को धार्मिक परंपराओं का पालन करने का अवसर मिलेगा। अहोई अष्टमी पर तीन महिला बंदियां अपनी संतानों की लंबी उम्र के लिए प्रार्थना करेंगी, जबकि करवाचौथ पर 37 महिलाएं अपने पतियों की दीर्घायु की कामना के साथ व्रत रखेंगी।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया News 14 Today के  Facebook  पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts