17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान, योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुंचाने पर जोर

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान, योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुंचाने पर जोर

सहारनपुर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के निरंतर सेवा काल की जनकल्याणकारी उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने और लोगों को विकसित भारत-2047 के राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ने के उद्देश्य से सहारनपुर में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान के तहत जिले से लेकर ग्राम स्तर तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे। इनमें सरकार की योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लोगों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ दिलाने पर विशेष जोर रहेगा।

सर्किट हाउस सभागार में मंगलवार को अभियान की तैयारियों और कार्ययोजना को लेकर बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री सुनील कुमार शर्मा ने की। बैठक में विधायक नकुड़ मुकेश चौधरी, महापौर डॉ. अजय कुमार सिंह, जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन और नगर आयुक्त शिपू गिरी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचे सरकारी योजनाओं का लाभ

प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य केवल कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि हर पात्र व्यक्ति को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित कराना होना चाहिए। उन्होंने सभी विभागों को गंभीरता से काम करने और किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि विभाग अपनी विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर सभी जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराएं। कार्यक्रमों की जानकारी जनप्रतिनिधियों को समय से देते हुए उन्हें आमंत्रित किया जाए। अभियान को जिला मुख्यालय तक सीमित न रखते हुए तहसील, विकासखंड और ग्राम स्तर तक पहुंचाने के निर्देश भी दिए गए।

11 स्थानों पर जलेगा ‘सेवा का दीया’

अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को विभिन्न कार्यक्रमों के साथ होगी। शाम सात बजे जिले की सभी विधानसभाओं के चिन्हित 11 प्रमुख स्थलों पर ‘सेवा का दीया’ जलाया जाएगा। इसके साथ ही सरकार की योजनाओं से लाभान्वित लोगों के घरों पर भी सेवा का दीया जलाने की योजना है। सभी सरकारी कार्यालयों, विकासखंडों और अन्य कार्यालयों में भी ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया जाएगा। इसका उद्देश्य सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों और आम लोगों को अभियान से जोड़ना है।

बाइक रैली से लेकर पैदल मार्च तक

अभियान के तहत ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ आयोजित की जाएगी। विधानसभा क्षेत्रों से आने वाले छह प्रमुख मार्गों से पुलिस जवानों की बाइक रैली निकाली जाएगी, जो घंटाघर पहुंचेगी। इसके अलावा अंबेडकर स्टेडियम से घंटाघर तक खिलाड़ियों का पैदल मार्च होगा। कलेक्ट्रेट से घंटाघर तक एनसीसी, एनएसएस और पीआरडी जवानों की साइकिल रैली भी आयोजित की जाएगी। प्रभारी मंत्री ने इन कार्यक्रमों को व्यापक जनभागीदारी के साथ भव्य रूप देने के निर्देश दिए।

सेवा सेतु शिविरों में मौके पर आवेदन

अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा ‘सेवा सेतु’ होगा। इसके तहत प्रत्येक विकासखंड स्तर पर साप्ताहिक बहुउद्देशीय सेवा शिविर, स्टॉल और स्वास्थ्य मेला आयोजित किए जाएंगे। शिविरों में केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएगी। पात्र लोगों के लिए मौके पर फार्म भरने और सत्यापन की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी। इससे लोगों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए अलग-अलग विभागों के कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिलने की उम्मीद है।

छात्रों और महिलाओं की भी होगी भागीदारी

‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ के तहत विद्यार्थियों के लिए ओरिएंटेशन और मोटिवेशन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसमें अधिक से अधिक छात्रों को जोड़ने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं ‘सेवा के रंग राष्ट्र के संग’ कार्यक्रम में कलाकारों, महिलाओं, स्वयं सहायता समूहों और विद्यार्थियों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा गया है।

इसके माध्यम से सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और विकसित भारत-2047 के संदेश को आम लोगों तक पहुंचाने की तैयारी है। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सुमित राजेश महाजन, जिलाध्यक्ष अजीत राणा, महानगर अध्यक्ष शीतल विश्नोई, पीडीडीआरडीए प्रणय कृष्ण समेत संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों को अभियान की सभी तैयारियां समय से पूरी करने और कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया News 14 Today के  Facebook  पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts