सहारनपुर में 17 अगस्त से शुरू होगी अग्निवीर भर्ती रैली, 13 जिलों के हजारों युवाओं को मिलेगा मौका

सहारनपुर में 17 अगस्त से शुरू होगी अग्निवीर भर्ती रैली, 13 जिलों के हजारों युवाओं को मिलेगा मौका

सहारनपुर : भारतीय सेना में भर्ती होकर देश की सेवा करने का सपना देख रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर सामने आई है। सेना भर्ती कार्यालय (एआरओ) मेरठ की ओर से सहारनपुर में अग्निवीर भर्ती रैली का आयोजन किया जा रहा है। यह भर्ती रैली 17 अगस्त से 9 सितंबर तक डॉ. भीमराव अंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम, सहारनपुर में आयोजित की जाएगी। भर्ती रैली में एआरओ मेरठ के अधिकार क्षेत्र में आने वाले 13 जिलों के अभ्यर्थी शामिल होंगे।

इस भर्ती प्रक्रिया के तहत अग्निवीर जनरल ड्यूटी, अग्निवीर टेक्निकल और अग्निवीर ट्रेड्समैन के पदों के लिए उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा। ट्रेड्समैन श्रेणी में 8वीं और 10वीं पास अभ्यर्थी भी भर्ती प्रक्रिया में शामिल हो सकेंगे। हालांकि, भर्ती रैली में भाग लेने के लिए उम्मीदवारों का ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जामिनेशन (सीईई) पास करना अनिवार्य होगा। सीईई में सफल उम्मीदवारों को ही आगे की भर्ती प्रक्रिया के लिए बुलाया जाएगा।

सेना भर्ती कार्यालय मेरठ के निदेशक कर्नल सत्यजीत बेबले के अनुसार, भर्ती रैली में शामिल होने वाले सभी अभ्यर्थियों को चयन प्रक्रिया के विभिन्न चरणों से गुजरना होगा। इसमें सबसे पहले शारीरिक फिटनेस परीक्षण, इसके बाद शारीरिक माप परीक्षण, दस्तावेज सत्यापन और फिर चिकित्सा परीक्षण शामिल होगा। उम्मीदवारों को निर्धारित मानकों पर खरा उतरना होगा। भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह तय नियमों और निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित की जाएगी।

इस भर्ती रैली में अमरोहा, बागपत, बिजनौर, बुलंदशहर, गौतम बुद्ध नगर, गाजियाबाद, हापुड़, मेरठ, मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर, रामपुर, सहारनपुर और शामली जिले के युवा हिस्सा लेंगे। सेना की ओर से अलग-अलग जिलों और तहसीलों के उम्मीदवारों के लिए अलग-अलग तारीख निर्धारित की गई है, ताकि भर्ती प्रक्रिया को व्यवस्थित तरीके से पूरा किया जा सके।

अग्निवीर जनरल ड्यूटी की भर्ती रैली की शुरुआत 17 अगस्त को हापुड़ जिले के उम्मीदवारों से होगी। इसके बाद 18 अगस्त को बागपत, 19 और 20 अगस्त को बिजनौर, 21 अगस्त को मुरादाबाद तथा 22 और 23 अगस्त को अमरोहा और रामपुर के अभ्यर्थियों की भर्ती प्रक्रिया होगी। 24 से 27 अगस्त तक बुलंदशहर और गाजियाबाद जिले के उम्मीदवारों की बारी होगी।

इसके बाद 28 अगस्त को मुजफ्फरनगर, 29 अगस्त को मुजफ्फरनगर और शामली, 30 अगस्त को गौतम बुद्ध नगर और मेरठ तथा 31 अगस्त को मेरठ जिले की सरधना और मवाना तहसील के अभ्यर्थियों की भर्ती प्रक्रिया होगी।

1 सितंबर को सहारनपुर जिले के उम्मीदवारों के लिए भर्ती रैली आयोजित की जाएगी। इसमें बेहट, सहारनपुर, नकुड़, देवबंद और रामपुर मनिहारान तहसील के अभ्यर्थी शामिल होंगे। सहारनपुर जिले के युवाओं के लिए यह तारीख बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

इसके बाद 2 सितंबर को अग्निवीर ट्रेड्समैन 8वीं और 10वीं पास उम्मीदवारों की भर्ती प्रक्रिया होगी। इसी दौरान कुछ जिलों के अग्निवीर टेक्निकल उम्मीदवार भी शामिल होंगे। 3 सितंबर को बिजनौर, हापुड़, बुलंदशहर और मेरठ तथा 4 सितंबर को मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर, रामपुर, सहारनपुर और शामली के टेक्निकल उम्मीदवारों की भर्ती होगी।

वहीं, अग्निवीर क्लर्क/एसकेटी के उम्मीदवारों के लिए भर्ती रैली सहारनपुर में नहीं, बल्कि 7 और 8 सितंबर को बीईजी एंड सेंटर रुड़की में आयोजित की जाएगी। 7 सितंबर को आठ जिलों और 8 सितंबर को गौतम बुद्ध नगर, अमरोहा, रामपुर, सहारनपुर और शामली के अभ्यर्थी भर्ती प्रक्रिया में शामिल होंगे।

सेना भर्ती कार्यालय की ओर से उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे अपनी भर्ती की निर्धारित तारीख और स्थान की जानकारी ध्यान से जांच लें। साथ ही सभी आवश्यक दस्तावेज तैयार रखें और भर्ती स्थल पर समय से पहुंचें। युवाओं के लिए यह सेना में शामिल होने का महत्वपूर्ण अवसर है, इसलिए उन्हें शारीरिक तैयारी के साथ-साथ दस्तावेजों और अन्य जरूरी औपचारिकताओं को भी समय रहते पूरा करने की सलाह दी गई है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया News 14 Today के  Facebook  पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts