सहारनपुर : सहारनपुर पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ‘ऑपरेशन सवेरा—नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर’ के तहत बड़ी कार्रवाई की है। थाना कुतुबशेर पुलिस ने 480 ग्राम अवैध चरस के साथ दो कथित नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, बरामद चरस की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 24 लाख रुपये है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, सहारनपुर परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक के निर्देश पर सहारनपुर, मुजफ्फरनगर और शामली जिलों में मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के निर्देशन में थाना कुतुबशेर पुलिस ने यह कार्रवाई की।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, 30 जुलाई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो संदिग्ध युवक ग्राम भाऊपुर के पास निर्माणाधीन बायपास क्षेत्र में मौजूद हैं। सूचना के आधार पर थाना कुतुबशेर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों संदिग्धों को रोककर उनकी तलाशी ली।
पूछताछ में दोनों की पहचान आहद पुत्र शहनवाज उर्फ सिकंदर निवासी ढोली खाल, थाना कुतुबशेर और दानिश पुत्र फिरोज कुरैशी निवासी मोहल्ला कस्साबान, थाना बेहट के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, तलाशी के दौरान आहद के कब्जे से 240 ग्राम और दानिश के पास से 240 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई। दोनों के पास से कुल 480 ग्राम चरस मिलने के बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना कुतुबशेर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद चरस आरोपियों के पास कहां से पहुंची थी और इसे सहारनपुर मंडल के किन-किन इलाकों में सप्लाई किया जाना था।
जांच के दौरान पुलिस को यह भी पता चला कि गिरफ्तार आरोपी दानिश के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें चोरी, अवैध हथियार रखने और एनडीपीएस एक्ट से जुड़े मामले शामिल बताए जा रहे हैं। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ के आधार पर उनके पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस अवैध कारोबार में उनके साथ और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।
पुलिस का कहना है कि नशे के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार त्यागी, उपनिरीक्षक सुभाषचंद्र, हेड कांस्टेबल अरविंद कुमार और कांस्टेबल सद्दाम शामिल रहे।

