सहारनपुर में राम मंदिर ट्रस्ट को लेकर कांग्रेस का हमला, अनुमा आचार्य बोलीं- “भगवान राम सब देख रहे हैं”

सहारनपुर में राम मंदिर ट्रस्ट को लेकर कांग्रेस का हमला, अनुमा आचार्य बोलीं- "भगवान राम सब देख रहे हैं"

सहारनपुर : कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता और सेवानिवृत्त विंग कमांडर अनुमा आचार्य ने शनिवार को सहारनपुर में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान राम मंदिर ट्रस्ट में कथित चंदा गड़बड़ी के मुद्दे पर भाजपा और ट्रस्ट प्रबंधन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि यदि मामले में दोषियों को बचाने की कोशिश की गई तो कांग्रेस देशव्यापी आंदोलन करेगी।

कांग्रेस कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए अनुमा आचार्य ने मांग की कि इस पूरे प्रकरण की जांच सुप्रीम कोर्ट के किसी वर्तमान न्यायाधीश की अध्यक्षता में स्वतंत्र और पारदर्शी तरीके से कराई जाए। उनका कहना था कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े विषय में यदि किसी प्रकार की अनियमितता हुई है तो उसकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि यदि जांच में आरोप सही साबित होते हैं तो मौजूदा ट्रस्ट को भंग कर धर्माचार्यों, निष्कलंक प्रशासनिक अधिकारियों और समाज के प्रतिष्ठित नागरिकों को शामिल करते हुए नया ट्रस्ट गठित किया जाना चाहिए। अनुमा आचार्य ने आरोप लगाया कि राम मंदिर ट्रस्ट का “RSSकरण” कर दिया गया है। उन्होंने चंपत राय, गोविंद गिरी, अनिल मिश्रा और गोपाल राव के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि केवल इस्तीफा लेकर मामले को समाप्त नहीं किया जाना चाहिए।

कांग्रेस प्रवक्ता ने मीडिया की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि चौथे स्तंभ को इस मुद्दे को भी उसी गंभीरता से उठाना चाहिए, जैसी गंभीरता अन्य मामलों में दिखाई जाती रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सभी धर्मों का सम्मान करती है और उसकी विचारधारा मानवता पर आधारित है। उनके अनुसार भगवान श्रीराम ने सभी को समान दृष्टि से देखा और कांग्रेस भी उसी सोच का समर्थन करती है।

प्रेस वार्ता के दौरान अनुमा आचार्य ने कहा कि कांग्रेस शासन में आतंकवाद के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई और अजमल कसाब को कानून के तहत सजा दिलाई गई। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए बृजभूषण शरण सिंह और चिन्मयानंद से जुड़े मामलों का उल्लेख किया और पूछा कि उन मामलों में क्या कार्रवाई हुई।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर टिप्पणी करते हुए अनुमा आचार्य ने कहा कि उन्हें अहंकार छोड़कर समाज के प्रति दया और संवेदनशीलता दिखानी चाहिए। उन्होंने कहा, “गेरुआ वस्त्र पहनने मात्र से कोई योगी नहीं बन जाता।”

अनुमा आचार्य के इन बयानों के बाद सहारनपुर के राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है। कांग्रेस नेताओं ने संकेत दिए हैं कि यदि कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच नहीं कराई गई तो पार्टी राज्य से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक आंदोलन की रणनीति अपनाएगी।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया News 14 Today के  Facebook  पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts