सहारनपुर : एनसीसी निदेशालय लखनऊ के अधीनस्थ मेरठ ग्रुप की 83 उत्तर प्रदेश वाहिनी एनसीसी, सहारनपुर द्वारा देवभूमि ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट, बेरी जमापुर में आयोजित 10 दिवसीय वार्षिक प्रशिक्षण शिविर-256 के छठे दिन कैडेट्स को सैन्य प्रशिक्षण के साथ-साथ करियर मार्गदर्शन, समाज सेवा और नेतृत्व क्षमता से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई। दिनभर चले विभिन्न प्रशिक्षण सत्रों में कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने व्यक्तित्व विकास से जुड़े अनेक पहलुओं को समझा।
शिविर की शुरुआत सुबह पीटी परेड और योग अभ्यास के साथ हुई। अनुशासन और फिटनेस पर आधारित इन गतिविधियों में सभी कैडेट्स ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रशिक्षकों ने शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक संतुलन बनाए रखने के लिए नियमित योग और व्यायाम के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
शिविर में डिप्टी कैंप कमांडेंट कर्नल तनय कोठियाल ने आईजीसी और आरडीसी के संभावित चयनित कैडेट्स को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर चयन हासिल करने के लिए कड़ी मेहनत, अनुशासन, समर्पण और निरंतर अभ्यास की आवश्यकता होती है। उन्होंने कैडेट्स को प्रशिक्षण शिविर के हर अवसर का अधिकतम लाभ उठाने और अपनी क्षमताओं को विकसित करने के लिए प्रेरित किया। कर्नल कोठियाल ने कहा कि एनसीसी केवल एक संगठन नहीं, बल्कि नेतृत्व और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने का माध्यम है।
इस अवसर पर देवभूमि संस्थान के डायरेक्टर एवं शिक्षाविद् डॉ. दीपक राज ठाकुर ने कैडेट्स को करियर चयन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी रुचि, क्षमता और ज्ञान के आधार पर विषयों का चयन करने की सलाह दी। डॉ. ठाकुर ने विज्ञान वर्ग सहित विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध रोजगार और उच्च शिक्षा की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि जिस क्षेत्र में विद्यार्थी की रुचि होती है, उसमें सफलता प्राप्त करने की संभावना अधिक होती है।
कार्यक्रम के दौरान चीफ ऑफिसर बृजेश पुंडीर ने “समाज सेवा का महत्व” विषय पर प्रेरणादायक व्याख्यान दिया। उन्होंने कहा कि एनसीसी का उद्देश्य केवल सैन्य प्रशिक्षण प्रदान करना नहीं, बल्कि ऐसे जिम्मेदार नागरिक तैयार करना है जो समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझें। उन्होंने कैडेट्स से प्रतिदिन किसी न किसी सामाजिक, पर्यावरणीय या जनहितकारी गतिविधि में योगदान देने का आह्वान किया।
शिविर में सांस्कृतिक गतिविधियों को भी विशेष महत्व दिया गया। कैंप एडजुटेंट कैप्टन राजेश कुमार और कैप्टन सुभाष चंद्र के निर्देशन में कैडेट्स को संगीत और नृत्य का प्रशिक्षण दिया गया। वहीं लेफ्टिनेंट प्रवीण कुमार और हवलदार नरेंद्र कुमार की देखरेख में खेलकूद प्रतियोगिताओं की तैयारियां शुरू कराई गईं।
सैन्य प्रशिक्षण के अंतर्गत सूबेदार नक्षत्र और हवलदार देव सिंह ने कैडेट्स को टेंट लगाने और हटाने की तकनीक सिखाई। जय सिंह ने हथियारों के संचालन और सुरक्षा संबंधी जानकारी दी, जबकि हवलदार गोविंद थापा ने मानचित्र अध्ययन और जीपीएस के उपयोग पर प्रशिक्षण प्रदान किया।
शिविर के सफल संचालन में देवभूमि कॉलेज प्रबंधन और प्रशासन का विशेष सहयोग रहा। प्रशिक्षण शिविर में भाग ले रहे कैडेट्स पूरे उत्साह, अनुशासन और समर्पण के साथ विभिन्न गतिविधियों में हिस्सा लेकर अपने व्यक्तित्व, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रसेवा की भावना को मजबूत बनाने में जुटे हुए हैं।

