सहारनपुर : रामपुर मनिहारान के गौचर महाविद्यालय परिसर में आयोजित स्वाभिमान रैली में रालोद अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्यमंत्री जयंत चौधरी ने किसानों, युवाओं, गन्ने, एथनॉल और नशे के मुद्दे पर अपनी बात रखी। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव को देखते हुए राजनीतिक माहौल गर्म हो रहा है। बयानबाजी और गाली-गलौज शुरू हो गई है, जिसका समय आने पर जवाब दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि विरोधियों की जुबान पर लगातार लोकदल का नाम आना बताता है कि पार्टी सही दिशा में काम कर रही है। जयंत चौधरी ने गौचर महाविद्यालय के 80 वर्ष पुराने इतिहास का जिक्र करते हुए परिसर में खेल सुविधाएं विकसित करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ी तो सांसद निधि का एक साल का पूरा पैसा स्टेडियम और खेल सुविधाओं के निर्माण में लगाया जाएगा।
गन्ने के मुद्दे पर विपक्ष को घेरा
जयंत चौधरी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में गन्ने का उत्पादन 2016-17 के करीब 1400 लाख टन से बढ़कर लगभग 2400 लाख टन हो गया है। किसानों ने बेहतर बीज और तकनीक अपनाकर उत्पादन तथा रिकवरी बढ़ाई है। उन्होंने दावा किया कि गन्ना किसानों के खातों में करीब 3.25 लाख करोड़ रुपये सीधे पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष को प्रदेश के करीब 50 लाख गन्ना किसानों की मेहनत दिखाई नहीं दे रही। अब गन्ने का भाव तय होने वाला है, लेकिन विपक्ष रसगुल्ले और गुलाब जामुन महंगे होने की बात कर रहा है। उन्होंने अखिलेश यादव से गन्ने के रेट पर स्पष्ट मांग रखने को कहा। जयंत ने कहा कि वह अखिलेश यादव को गन्ने पर चिट्ठी भी लिखेंगे और सहमति बनी तो लखनऊ रसगुल्ले का पैकेट भेजेंगे।
एथनॉल और खांडसारी पर रखी बात
जयंत चौधरी ने एथनॉल का विरोध करने वालों पर निशाना साधते हुए कहा कि मक्का, धान और गन्ने से एथनॉल बनने पर किसानों को फसल का बेहतर बाजार मिलेगा और देश की ऊर्जा आत्मनिर्भरता मजबूत होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी एथनॉल का विरोध कर रही है। उन्होंने 2026 के गन्ना नियंत्रण आदेश के प्रस्ताव का जिक्र करते हुए कहा कि किसानों के सुझाव के बाद ऐसे प्रावधानों को वापस लिया गया, जिनसे कोल्हू और खांडसारी इकाइयों पर मुश्किलें बढ़ सकती थीं। उन्होंने कहा कि मजबूत सरकार वही है जो जनभावनाओं का सम्मान करते हुए जरूरत पड़ने पर पीछे हट सके।
युवाओं को स्टार्टअप और नशामुक्ति का संदेश
जयंत ने कहा कि ग्रामीण युवाओं के लिए खेती के साथ स्टार्टअप और नए रोजगार के अवसर जरूरी हैं। उन्होंने दावा किया कि पिछले साल डीपीआईटी से करीब 55 हजार नए स्टार्टअप पंजीकृत हुए। उन्होंने युवाओं से कौशल और अच्छी शिक्षा हासिल करने की अपील की। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बढ़ते नशे को उन्होंने ‘साइलेंट एपिडेमिक’ बताया। उन्होंने नशे से संबंधित सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 14446 का उल्लेख करते हुए कहा कि मदद मांगने में किसी तरह की शर्म नहीं होनी चाहिए।
चौधरी चरण सिंह की विरासत पर संदेश
जयंत चौधरी ने कहा कि चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न मिलना किसान समाज के लिए बड़ा सम्मान है। उन्होंने कहा कि चौधरी चरण सिंह का परिवार किसी एक जाति तक सीमित नहीं है, बल्कि पाल, गुर्जर, जाटव समेत तमाम किसान और ग्रामीण समाज उनके परिवार का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि विरासत और किसान हित के मुद्दों पर बयानबाजी का जवाब समय आने पर दिया जाएगा।

