बीजेपी कार्यसमिति में 597 पदाधिकारी होंगे शामिल, 2027 की रणनीति पर होगा मंथन

बीजेपी कार्यसमिति में 597 पदाधिकारी होंगे शामिल, 2027 की रणनीति पर होगा मंथन

हल्द्वानी : उत्तराखंड भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक 9 सितंबर को होगी। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बताया कि बैठक में प्रदेशभर से कुल 597 पदाधिकारी शामिल होंगे। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन बैठक के मुख्य अतिथि होंगे। बैठक को आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

प्रदेश अध्यक्ष के अनुसार कार्यसमिति की बैठक बुधवार सुबह 11 बजे शुरू होगी। इसमें सभी जिलों और संगठनात्मक इकाइयों से जुड़े पदाधिकारी शामिल होंगे। बैठक में उत्तराखंड के मौजूदा राजनीतिक हालात के साथ विकसित उत्तराखंड के रोडमैप पर चर्चा की जाएगी। इसके लिए दो महत्वपूर्ण प्रस्ताव भी रखे जाएंगे।

चुनावी तैयारियों पर रहेगा फोकस

2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा संगठन को चुनावी मोड में लाने की तैयारी में जुटी है। बैठक में बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं की भूमिका तय करने और चुनावी रणनीति को धार देने पर चर्चा होगी। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र देने के साथ चुनावी तैयारियों को लेकर दिशा-निर्देश देंगे।

खास बात यह है कि नितिन नवीन युवाओं और विशेष रूप से Gen Z के साथ संवाद करेंगे। इसके अलावा उनके पूर्व सैनिक सम्मेलन में शामिल होने का कार्यक्रम भी है। रुद्रपुर में सिख समाज के सम्मेलन को संबोधित करने की भी जानकारी दी गई है।

प्रदेश प्रभारी की गैरमौजूदगी चर्चा में

बैठक से पहले उत्तराखंड भाजपा संगठन में प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम की गैरमौजूदगी भी चर्चा का विषय बनी हुई है। इसके साथ ही संगठन महामंत्री का पद भी फिलहाल खाली है। ऐसे में प्रदेश प्रभारी और महामंत्री संगठन की गैरमौजूदगी के बीच होने वाली कार्यसमिति बैठक को लेकर राजनीतिक हलकों में कई सवाल उठ रहे हैं।

भाजपा की नजर अब 2027 के विधानसभा चुनाव पर है। कार्यसमिति की बैठक में संगठन की चुनावी तैयारियों और प्रदेश के विकास के एजेंडे को लेकर महत्वपूर्ण दिशा तय होने की उम्मीद है। बैठक के बाद यह साफ होगा कि पार्टी आगामी चुनाव के लिए संगठन को किस रणनीति के साथ मैदान में उतारती है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया News 14 Today के  Facebook  पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts