हल्द्वानी : कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की हल्द्वानी के रामलीला मैदान में हुई रैली के बाद सामने आए कथित शुद्धिकरण मामले में आखिरकार पुलिस ने पहली FIR दर्ज कर ली है। अधिवक्ता अंजू की शिकायत पर हल्द्वानी कोतवाली में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र को सौंपी गई है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि खड़गे की रैली के बाद रामलीला मैदान में शुद्धिकरण की कार्रवाई की गई। इसे लेकर जातिगत भेदभाव, सामाजिक अपमान और अनुसूचित जाति के व्यक्ति के प्रति घृणा एवं हीनता का भाव रखने जैसे आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 196 और 299 तथा एससी-एसटी एक्ट की धारा 3(1)(R) के तहत केस दर्ज किया है।
FIR दर्ज होने के बाद अब पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी घटना से जुड़े वीडियो, सोशल मीडिया पोस्ट और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की पड़ताल करेंगे। साथ ही पुलिस यह पता लगाने का प्रयास करेगी कि कथित शुद्धिकरण की कार्रवाई में कौन-कौन लोग शामिल थे और इसकी पूरी प्रक्रिया के पीछे किन लोगों की भूमिका रही।
इस मामले को लेकर कांग्रेस लंबे समय से मुकदमा दर्ज करने की मांग कर रही थी। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पुलिस से कार्रवाई की मांग करते हुए विरोध-प्रदर्शन भी किए थे। ऐसे में FIR दर्ज होने के बाद राजनीतिक विवाद अब कानूनी जांच के दौर में पहुंच गया है।
खास बात यह है कि यह कार्रवाई भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के हल्द्वानी दौरे से ठीक पहले हुई है। ऐसे में FIR के बाद शहर की सियासत गरमाने के आसार हैं। अब पुलिस जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और आरोपों की पुष्टि के आधार पर आगे की कार्रवाई पर नजर रहेगी।

