शामली में पूर्व कबड्डी खिलाड़ी की गोली मारकर हत्या, गन्ने के खेत में मिला शव

Former Kabaddi player murdered in Shamli

शामली : उत्तर प्रदेश के शामली जिले में 22 वर्षीय पूर्व कबड्डी खिलाड़ी की गोली मारकर हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। युवक का शव कांधला थाना क्षेत्र के गांव नाला के जंगल में एक गन्ने के खेत से बरामद हुआ। मृतक की पहचान बागपत जिले के ककड़ीपुर गांव निवासी मोहना उर्फ मोनू (22) पुत्र सुरेंद्र के रूप में हुई है। मोनू कबड्डी का खिलाड़ी रह चुका था और वर्तमान में फसलों में दवाई का छिड़काव करने का काम करता था।

जानकारी के मुताबिक, मोनू शनिवार सुबह करीब 5:15 बजे अपने घर से गांव नाला में मजदूरों को लेने के लिए निकला था। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब वह वापस घर नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता हुई। परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान गांव नाला के रजवाहे की पटरी के पास किसान परविंदर अपने गन्ने के खेत में पहुंचा। वहां उसे एक युवक का शव पड़ा दिखाई दिया।

शव पर गोली लगने के निशान देखकर किसान ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही कांधला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू कर दी। युवक की हत्या की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला, क्षेत्राधिकारी कैराना हेमंत कुमार समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए और घटनास्थल की बारीकी से जांच की।

पुलिस के अनुसार, घटनास्थल से एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस भी बरामद हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना से जुड़े सुराग जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।

फिलहाल हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस पुरानी रंजिश, आपसी विवाद और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मोनू सुबह घर से निकलने के बाद किन लोगों के संपर्क में था और आखिर वह गन्ने के खेत तक कैसे पहुंचा।

कांधला थाना प्रभारी बच्चू सिंह ने बताया कि हत्या की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है और मामले की जांच की जा रही है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने के बाद उसके आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

युवा पूर्व कबड्डी खिलाड़ी की हत्या से उसके परिवार में कोहराम मचा हुआ है। वहीं, घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया News 14 Today के  Facebook  पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts