निकाह से ठीक पहले दुल्हन ने दूल्हे को पहचानने से किया इनकार, बोली- फोटो वाला युवक नहीं आया

निकाह से ठीक पहले दुल्हन ने दूल्हे को पहचानने से किया इनकार बोली- फोटो वाला युवक नहीं आया

सहारनपुर : सहारनपुर में निकाह से ठीक पहले एक शादी समारोह में उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब दुल्हन ने दूल्हे को पहचानने से इनकार करते हुए शादी करने से साफ मना कर दिया। दुल्हन का आरोप था कि रिश्ता तय करते समय उसे जिस युवक की तस्वीर दिखाई गई थी, बारात में उसके बजाय कोई दूसरा युवक दूल्हा बनकर पहुंचा है। मामला कुतुबशेर थाना क्षेत्र स्थित एक बरातघर का है।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात मंडी थाना क्षेत्र के धोबीवाला मोहल्ले से बारात कुतुबशेर क्षेत्र के एक बरातघर में पहुंची थी। निकाह की तैयारियां चल रही थीं और दोनों पक्ष शादी की रस्मों में जुटे थे। इसी दौरान दुल्हन की नजर दूल्हे पर पड़ी। उसने दूल्हे को देखकर शादी करने से इनकार कर दिया।

दुल्हन ने परिवार वालों से कहा कि शादी तय करते समय उसे जिस युवक की फोटो दिखाई गई थी, बारात में पहुंचा युवक वह नहीं है। इस बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। कुछ ही देर में विवाद बढ़ गया और बरातघर में हंगामा होने लगा। हालात को देखते हुए निकाह की रस्में रोक दी गईं।

सूचना मिलने पर कुतुबशेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले गई। पुलिस ने कथित दूल्हे को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

दो महीने पहले तय हुआ था रिश्ता

बताया जा रहा है कि करीब दो महीने पहले दोनों परिवारों के बीच बातचीत के बाद लड़की की शादी तय हुई थी। आरोप है कि उस समय लड़की को जिस युवक की तस्वीर दिखाई गई थी, गुरुवार रात बारात लेकर पहुंचा युवक अलग था। हालांकि, यह आरोप सही है या नहीं, पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।

पुलिस शादी तय होने से लेकर बारात पहुंचने तक के पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि शादी किस युवक से तय हुई थी, लड़की को किस युवक की तस्वीर दिखाई गई थी और बारात में दूल्हे के रूप में कौन युवक पहुंचा था।

जांच में सामने आई नाबालिग होने की बात

थाने में पूछताछ के दौरान पुलिस को लड़की की उम्र को लेकर संदेह हुआ। इसके बाद उसकी उम्र से संबंधित दस्तावेजों और उपलब्ध रिकॉर्ड की जांच कराई गई। जांच में लड़की के नाबालिग होने की बात सामने आई। नाबालिग होने की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बाल संरक्षण तंत्र को सूचना दी।

इसके बाद चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम मौके पर पहुंची और नाबालिग से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। टीम नाबालिग लड़की को अपने साथ ले गई। अब पुलिस शादी से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। दोनों पक्षों के लोगों से पूछताछ के साथ शादी तय कराने में शामिल लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और दस्तावेजों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल निकाह रुक चुका है और मामले की जांच पुलिस तथा बाल संरक्षण टीम कर रही है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया News 14 Today के  Facebook  पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts