सहारनपुर : कोतवाली मंडी क्षेत्र की हयात कॉलोनी में सोमवार शाम 66 वर्षीय बुजुर्ग की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद सनसनी फैल गई। मृतक के परिजनों ने उसके दामाद पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद आरोपी दामाद मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी।
मृतक की पहचान हयात कॉलोनी निवासी इरशाद (66) के रूप में हुई है। बताया गया कि उनकी बेटी शबाना और दामाद जुबैर भी उनके साथ रहते थे। जुबैर मूल रूप से बाल्लेवाली का रहने वाला बताया गया है और ट्रक चलाने का काम करता है। परिजनों के अनुसार मकान के एक हिस्से को लेकर इरशाद और जुबैर के बीच पिछले कुछ दिनों से विवाद चल रहा था।
बेटी शबाना के मुताबिक, उसके पिता ने मकान का हिस्सा उसके और उसके पति के नाम किया था। आरोप है कि जुबैर ने अपने हिस्से को किसी अन्य व्यक्ति को बेच दिया था। इसी बात को लेकर करीब एक सप्ताह पहले दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। उस समय परिवार के लोगों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत करा दिया था।
शबाना ने आरोप लगाया कि सोमवार शाम जुबैर दोबारा घर पहुंचा। किसी बात को लेकर इरशाद और जुबैर के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर जुबैर ने इरशाद के साथ धक्का-मुक्की की और उनके सीने पर लात-घूंसों से हमला कर दिया। मारपीट के बाद इरशाद की हालत बिगड़ गई।
शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। परिजनों का कहना है कि लोगों को आता देखकर जुबैर वहां से फरार हो गया। इसके बाद परिजन और पड़ोसी इरशाद को इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
शबाना ने अपने पति पर पिता की हत्या का आरोप लगाया है। उसने बताया कि वे चार बहनें हैं। तीन बहनों की शादी हो चुकी है, जबकि वह और उसकी छोटी बहन पिता के साथ इसी मकान में रहती थीं।
हालांकि, पुलिस फिलहाल हत्या की पुष्टि नहीं कर रही है। सीओ रविकांत पाराशर के अनुसार, शुरुआती जानकारी में इरशाद की मौत बीमारी के कारण होने की बात सामने आई है। पुलिस को अभी तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, घटना के बाद से फरार बताए जा रहे जुबैर की तलाश भी की जा रही है। मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

