PNB के करेंसी चेस्ट में 7.40 करोड़ रुपये के नकली नोट मिले, ऑडिट में बड़ा राज खुला, चार के खिलाफ FIR

Fake Notes in PNB's Currency Chest

सहारनपुर : सहारनपुर में पंजाब नेशनल बैंक के करेंसी चेस्ट में करोड़ों रुपये के नकली नोट मिलने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घंटाघर स्थित सोफिया मार्केट ब्रांच के करेंसी चेस्ट के ऑडिट के दौरान करीब 7.40 करोड़ रुपये के नकली नोट मिले। इस घटना ने बैंकिंग सिस्टम और करेंसी हैंडलिंग पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

बैंक के नोडल ऑफिसर अरुण कुमार चौबे की शिकायत के बाद सदर बाजार थाने में नकली नोट मामले में तीन लोगों के नाम दर्ज किए गए हैं। इनमें डिविजनल ऑफिस के सीनियर मैनेजर रवि कुमार, करेंसी चेस्ट मैनेजर सुशील शर्मा और हरियाणा के जगाधरी में खेड़ा बाजार करेंसी चेस्ट के मैनेजर अमित कुमार शामिल हैं।

पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में नकली नोट करेंसी चेस्ट तक कैसे पहुंचे। करेंसी चेस्ट में अलग-अलग बैंक ब्रांच से कैश जमा होता है। ऐसे में पुलिस संबंधित ब्रांच से लेकर करेंसी चेस्ट तक के कैश रिकॉर्ड की जांच करेगी। यह भी पता लगाया जाएगा कि नकली नोट एक साथ जमा किए गए थे या अलग-अलग समय पर करेंसी चेस्ट पहुंचे थे।

पुलिस कैश जमा करने वाले कर्मचारियों और उससे जुड़ी प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी इकट्ठा कर सकती है, साथ ही CCTV फुटेज भी देख सकती है। इसी करेंसी चेस्ट से जुड़े एक और मामले में हेडक्वार्टर भेजे गए कैश में भी ₹4.36 लाख की कमी पाई गई। हाउसकीपर विशाल कुमार के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

SP सिटी व्योम बिंदल के मुताबिक, दोनों मामलों में अलग-अलग FIR दर्ज की गई हैं, और कुल चार लोगों को नामजद किया गया है। पुलिस बैंक के कागजों, कैश रिकॉर्ड और CCTV फुटेज के आधार पर जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही करोड़ों की नकली करेंसी और कैश की कमी की पूरी तस्वीर साफ हो पाएगी।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया News 14 Today के  Facebook  पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts