सरसावा में भीषण सड़क हादसा, ITBP DIG और ड्राइवर की मौत

सरसावा में भीषण सड़क हादसा, ITBP DIG और ड्राइवर की मौत

सहारनपुर : देहरादून-पंचकूला नेशनल हाईवे पर सरसावा थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के डीआईजी परमेन्द्र सिंह और उनके ड्राइवर की मौत हो गई। हादसे में डीआईजी के गनर समेत छह लोग घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें एक महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा।

सरसावा में भीषण सड़क हादसा, ITBP DIG और ड्राइवर की मौत

जानकारी के मुताबिक, दुर्घटना सुबह करीब 10:30 बजे सरसावा थाना क्षेत्र में झबीरन कट के पास हुई। बताया जा रहा है कि डीआईजी परमेन्द्र सिंह मसूरी में ट्रेनिंग पूरी करने के बाद किसी काम से अंबाला की ओर जा रहे थे। वह स्कॉर्पियो कार में सवार थे। जैसे ही उनकी गाड़ी झबीरन कट के पास पहुंची, अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई।

डिवाइडर से टकराने के बाद स्कॉर्पियो उछलकर दूसरी लेन में जा पहुंची। इसी दौरान सामने से आ रही एक स्विफ्ट कार से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय जोरदार धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। दुर्घटना के बाद दोनों वाहनों में सवार कई लोग अंदर फंस गए।

सरसावा में भीषण सड़क हादसा, ITBP DIG और ड्राइवर की मौत

हादसा होते ही आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने पुलिस को घटना की सूचना दी। जानकारी मिलते ही सरसावा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। इसके बाद सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने जांच के बाद डीआईजी परमेन्द्र सिंह और उनके ड्राइवर को मृत घोषित कर दिया।

प्रशासन के मुताबिक, डीआईजी परमेन्द्र सिंह मूल रूप से पंजाब के रूपनगर यानी रोपड़ के रहने वाले थे और वर्तमान में जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में तैनात थे। वह मसूरी में ट्रेनिंग पूरी करने के बाद अंबाला जा रहे थे। हादसे में उनके गनर जयराम को भी गंभीर चोटें आई हैं। 36 वर्षीय जयराम मूल रूप से पटियाला के रहने वाले बताए गए हैं। उनका अस्पताल में उपचार जारी है।

सरसावा में भीषण सड़क हादसा, ITBP DIG और ड्राइवर की मौत

वहीं, दूसरी कार यानी स्विफ्ट में सवार तीन लोग भी हादसे में घायल हुए हैं। घायलों की पहचान 49 वर्षीय गुरूनानक सिंह, 55 वर्षीय देवेन्द्र कौर और 55 वर्षीय गुरुनाम सिंह के रूप में हुई है। तीनों हरियाणा के करनाल के रहने वाले बताए गए हैं। हादसे में देवेन्द्र कौर की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों का मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है और चिकित्सकों की टीम उनकी निगरानी कर रही है।

दुर्घटना के बाद हाईवे पर यातायात भी प्रभावित हुआ। दोनों वाहनों के सड़क पर क्षतिग्रस्त हालत में पड़े होने के कारण कुछ समय तक वाहनों की आवाजाही बाधित रही। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात को सामान्य कराया।

सरसावा में भीषण सड़क हादसा, ITBP DIG और ड्राइवर की मौत

फिलहाल हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। प्रारंभिक जानकारी में स्कॉर्पियो के अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने की बात सामने आई है। हालांकि वाहन अचानक क्यों अनियंत्रित हुआ, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है और हादसे से जुड़े तथ्यों को जुटाया जा रहा है।

जिला मुख्यालय से करीब 25 किलोमीटर दूर हुए इस हादसे ने क्षेत्र को झकझोर दिया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी समेत दो लोगों की मौत और छह लोगों के घायल होने से शोक का माहौल है। पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की सही वजह सामने आने की उम्मीद है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया News 14 Today के  Facebook  पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts