चार साल का प्यार, परिवार की असहमति और दर्दनाक अंत… सहारनपुर में लैब टेक्नीशियन व टीचर की मौत से सनसनी

चार साल का प्यार, परिवार की असहमति और दर्दनाक अंत... सहारनपुर में लैब टेक्नीशियन व टीचर की मौत से सनसनी

सहारनपुर : सहारनपुर में एक लैब टेक्नीशियन और उसकी महिला मित्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने पूरे शहर को झकझोर दिया है। सदर बाजार थाना क्षेत्र की एसबीआई कॉलोनी स्थित एक किराये के कमरे में बुधवार देर रात दोनों के शव मिलने से सनसनी फैल गई। प्रारंभिक पुलिस जांच में प्रेम संबंध और परिवार की असहमति के चलते आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि होगी।

मृतक सैम कमनिश (40) मूल रूप से केरल का निवासी था और पिछले दस वर्षों से सहारनपुर के मेडीग्राम अस्पताल में लैब टेक्नीशियन के रूप में कार्यरत था। वहीं, 23 वर्षीय आस्था गागलहेड़ी क्षेत्र की रहने वाली थी और एक निजी इंटर कॉलेज में शिक्षिका थी। दोनों के बीच पिछले चार वर्षों से प्रेम संबंध थे।

पुलिस के अनुसार, करीब चार साल पहले आस्था की मां के इलाज के दौरान मेडीग्राम अस्पताल में दोनों की मुलाकात हुई थी। धीरे-धीरे बातचीत बढ़ी और रिश्ता प्रेम संबंध में बदल गया। बताया जा रहा है कि सैम पहले से शादीशुदा था, जबकि उसकी पत्नी कई वर्ष पहले दिल्ली जाकर नौकरी करने लगी थी। इधर, आस्था के परिजन इस रिश्ते के विरोध में थे।

बुधवार सुबह आस्था घर से कॉलेज जाने के लिए निकली, लेकिन कॉलेज नहीं पहुंची। शाम तक घर न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और पुलिस को सूचना दी। आस्था के पिता ने सैम पर शक जताया, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की। अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज में दोनों एक कार से जाते दिखाई दिए। कार चालक की मदद से पुलिस रात में सैम के किराये के कमरे तक पहुंची।

कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो सैम का शव फंदे से लटका मिला, जबकि उसके हाथ की नस भी कटी हुई थी। वहीं, आस्था का शव कमरे के फर्श पर पड़ा था और उसके मुंह से झाग निकल रहा था। आशंका है कि उसने जहरीला पदार्थ खाया था।

पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आस्था का शव परिजनों को सौंप दिया गया है, जबकि सैम के परिजनों के केरल से आने का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और मामले में जल्द ही स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया News 14 Today के  Facebook  पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts