बीजेपी की नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान, अनुभव और युवा चेहरों का संतुलन

बीजेपी की नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान

नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने सोमवार को पार्टी की नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान किया। नई टीम में अनुभवी नेताओं के साथ कई नए चेहरों को भी अहम जिम्मेदारियां दी गई हैं। वसुंधरा राजे सिंधिया, तीरथ सिंह रावत, राम माधव और बैजयंत जय पांडा समेत 13 नेताओं को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि बीएल संतोष संगठनात्मक राष्ट्रीय महासचिव की भूमिका में रहेंगे। विनोद तावड़े, सुनील बंसल, स्मृति ईरानी और बिप्लब कुमार देब समेत आठ नेताओं को राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है।

नई टीम में महिलाओं को भी प्रमुख स्थान मिला है। छह महिला नेताओं को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और तीन महिला नेताओं को राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी दी गई है। पार्टी ने 16 राष्ट्रीय सचिवों की भी नियुक्ति की है, जिसमें संदीप पाठक, अनिल एंटनी और रोहन गुप्ता जैसे नाम शामिल हैं।बीजेपी ने अपने विभिन्न मोर्चों में भी नए नेतृत्व की घोषणा की है। डॉ. हेमांग जोशी को युवा मोर्चा, रूप कुमारी चौधरी को महिला मोर्चा, अमरपाल मौर्य को ओबीसी मोर्चा और बंसीलाल गुर्जर को किसान मोर्चा का अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं शिवेश कुमार राम को एससी, मन्नालाल रावत को एसटी और कुंवर बासित अली को अल्पसंख्यक मोर्चे की जिम्मेदारी मिली है।

पार्टी के डिजिटल संगठन में भी बदलाव किया गया है। अमित मालवीय की जगह दीपक म्हस्के को बीजेपी आईटी सेल और सोशल मीडिया की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं अनिल बलूनी पार्टी के मीडिया प्रभारी के तौर पर काम करते रहेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई टीम को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि नए पदाधिकारी संगठन को मजबूत करने और जनसेवा पर ध्यान केंद्रित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। नई टीम में अनुभव, क्षेत्रीय संतुलन और नई पीढ़ी को जिम्मेदारी देने की कोशिश साफ दिखाई देती है। अब संगठन की अगली चुनौती इन नियुक्तियों को जमीनी स्तर पर प्रभावी बनाने और पार्टी की राजनीतिक रणनीति को मजबूती देने की होगी।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया News 14 Today के  Facebook  पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts