सहारनपुर : जिले में ट्रांसफार्मर चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ तीतरो पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बुधवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया है। आरोपियों के कब्जे से करीब दो से तीन क्विंटल तांबे का तार, छह तांबे की कॉइल, दो तमंचे और कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में अपराधियों की धरपकड़ के लिए चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 18 नवंबर 2026 की रात तीतरो थाना पुलिस की टीम ग्राम बहलोलपुर की पुलिया के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। तभी ग्राम बरसी की तरफ से सफेद रंग की बिना नंबर प्लेट वाली सेंट्रो कार आती दिखाई दी।
पुलिस टीम को देखकर कार सवार वापस मुड़कर भागने लगे। पुलिसकर्मियों ने उनका पीछा किया। इस दौरान ग्राम बरसी में नवनिर्मित गौशाला के पास कार अनियंत्रित होकर चकरोड़ से नीचे खेत में उतर गई। खुद को घिरता देख आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और जंगल की तरफ भागने का प्रयास किया।
जवाबी फायरिंग में दोनों बदमाश घायल
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों आरोपियों के दाहिने पैर में गोली लग गई। पुलिस टीम ने उन्हें मौके से गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सीओ गंगोह शैलेन्द्र प्रताप गौतम ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शाहरुख पुत्र राशिद निवासी ग्राम महंगी, थाना तीतरो और जोहर हसन पुत्र सकुर निवासी सरकड़ बांसकदेही, थाना गंगोह, जिला सहारनपुर के रूप में हुई है।
तांबे की छह कॉइल और चोरी के उपकरण बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे .315 बोर, तीन जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा ट्रांसफार्मर तोड़कर चोरी किया गया करीब दो से तीन क्विंटल तांबे का तार, छह तांबे की कॉइल और तार काटने के उपकरण भी मिले हैं।
आरोपियों के पास से सफेद रंग की बिना नंबर प्लेट वाली सेंट्रो कार भी बरामद की गई है। पुलिस को आशंका है कि इसी कार का इस्तेमाल चोरी की घटनाओं को अंजाम देने और सामान ले जाने में किया जा रहा था।
फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास और जिले में हुई अन्य ट्रांसफार्मर चोरी की घटनाओं में उनकी संभावित संलिप्तता की जांच कर रही है। पुलिस पूछताछ के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों की जानकारी जुटाने में भी लगी है।

