2027 में भाजपा लगाएगी जीत की हैट्रिक, यूपी में तीसरी बार बनेगी सरकार: सीएम योगी का दावा, सपा-कांग्रेस पर परिवारवाद और गुंडाराज को लेकर हमला

CM Yogi distributed schemes worth Rs 1500 crore

लखनऊ :  उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। भारतीय जनता पार्टी ने लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी का दावा करना शुरू कर दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार तीसरी बार बनने जा रही है। इस बार पार्टी केवल जीत की हैट्रिक ही नहीं लगाएगी, बल्कि नया राजनीतिक रिकॉर्ड भी कायम करेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नेतृत्व, भाजपा के करोड़ों समर्पित कार्यकर्ताओं की ताकत और डबल इंजन सरकार की उपलब्धियां पार्टी की जीत का आधार बनेंगी।

एक निजी कार्यक्रम में शामिल हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भाजपा पूरी दमदारी के साथ आगामी विधानसभा चुनाव में उतरेगी और पूर्ण बहुमत की प्रचंड सरकार बनाने में सफल होगी। उन्होंने कहा कि किसी को भी भाजपा की जीत को लेकर कोई संदेह नहीं होना चाहिए। प्रदेश की नई पहचान और विकास कार्यों पर गौरव महसूस करने वाला हर व्यक्ति भाजपा को तीसरी बार मौका देगा।

मुख्यमंत्री ने अपने कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि वह प्रदेश के पहले ऐसे मुख्यमंत्री हैं, जिन्होंने लगातार पांच वर्ष तक सरकार चलाई, फिर चुनाव जीतकर दोबारा पांच वर्ष तक मुख्यमंत्री के रूप में कार्य किया। उन्होंने कहा कि भाजपा पहले भी कई राजनीतिक रिकॉर्ड तोड़ चुकी है और 2027 में भी नया इतिहास बनाएगी।

कैडर आधारित पार्टी है भाजपा, कार्यकर्ता सबसे बड़ी ताकत

योगी आदित्यनाथ ने भाजपा को दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बताते हुए कहा कि यह परिवार आधारित नहीं, बल्कि कैडर आधारित संगठन है। पार्टी में किसी परिवार विशेष के बजाय कार्यकर्ताओं के मूल्यों, सिद्धांतों और आदर्शों को महत्व दिया जाता है। करोड़ों कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है।

विपक्षी दलों, खासकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि इंडी गठबंधन या सपा की सरकार में उत्तर प्रदेश जैसे सुशासन की कल्पना भी नहीं की जा सकती थी। भाजपा का उद्देश्य प्रदेश में भयमुक्त वातावरण बनाना और प्रत्येक नागरिक को सुरक्षा प्रदान करना है।

सपा-कांग्रेस के शासनकाल को बताया जंगलराज

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के शासनकाल में प्रदेश में अराजकता, गुंडाराज और जंगलराज का माहौल था। थाना, तहसील और जिला स्तर तक व्यवस्था प्रभावित थी। उन्होंने कहा कि जब भी इन दलों को सत्ता मिली, कानून-व्यवस्था खराब हुई। कर्फ्यू, दंगे, लूट और व्यापारियों से रंगदारी जैसी घटनाएं उत्तर प्रदेश की पहचान बन गई थीं।

उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव में भाजपा अपने सहयोगी दलों के साथ जनता के बीच इन मुद्दों को लेकर जाएगी। मुख्यमंत्री के मुताबिक, परिवारवाद, जातिवाद और विभाजनकारी राजनीति ने उत्तर प्रदेश को पीछे धकेलने का काम किया। पिछली सरकारों में बेटियों की सुरक्षा खतरे में थी, व्यापारियों को रंगदारी देनी पड़ती थी और युवाओं की नौकरियों पर प्रभावशाली लोगों का कब्जा रहता था।

योगी ने आरोप लगाया कि सपा सरकार में राजनीति का अपराधीकरण हो गया था। वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया जैसी स्थिति बन गई थी और थानों पर दबंगों का प्रभाव रहता था। भर्ती आयोगों में भी अराजकता पैदा की गई और अयोग्य लोगों को महत्वपूर्ण पदों पर बैठाकर भर्ती प्रक्रिया को प्रभावित किया गया।

रात दो बजे भी बेखौफ घर लौट रही हैं बेटियां

प्रदेश की कानून-व्यवस्था में बदलाव का उदाहरण देते हुए मुख्यमंत्री ने लखनऊ स्थित एचसीएल टेक के कैंपस का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 में इस कैंपस में केवल 100 लोग काम करते थे, जबकि आज यहां उत्तर प्रदेश के करीब 18 हजार युवा कार्यरत हैं।

उन्होंने बताया कि यहां काम करने वाली कई युवतियां बाराबंकी, सीतापुर, उन्नाव, रायबरेली और लखनऊ के अलग-अलग इलाकों से आती हैं। मुख्यमंत्री ने नाइट शिफ्ट में काम करने वाली युवतियों से पूछा कि क्या उन्हें रात में घर लौटते समय डर लगता है। इस पर युवतियों ने बताया कि वे रात दो बजे ड्यूटी समाप्त होने के बाद भी बाइक से बेखौफ अपने घर जाती हैं।

योगी ने कहा कि युवतियों का यह जवाब प्रदेश में बदली कानून-व्यवस्था और सुरक्षा के माहौल को दर्शाता है। अब उत्तर प्रदेश में बेटियां बिना किसी डर के काम कर सकती हैं।

निवेश और रोजगार के लिए बदली प्रदेश की पहचान

मुख्यमंत्री ने कहा कि सुरक्षित वातावरण का सकारात्मक असर प्रदेश में निवेश और रोजगार पर पड़ा है। एचसीएल ने फॉक्सकॉन के साथ मिलकर उत्तर प्रदेश में पहली सेमीकंडक्टर यूनिट लगाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई है और इस दिशा में तेजी से काम चल रहा है।

उन्होंने वर्ष 2017 से पहले की सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उस समय इन्वेस्टर्स समिट आयोजित होने के बावजूद निवेशक लखनऊ आने को तैयार नहीं थे। उन्होंने तत्कालीन मुख्यमंत्री की कार्यशैली पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जो मुख्यमंत्री कुर्सी जाने के डर से नोएडा जाने से बचता हो, उस प्रदेश में विकास की उम्मीद कैसे की जा सकती थी।

योगी ने आरोप लगाया कि पिछली सरकार में दंगाइयों को संरक्षण दिया जाता था, जबकि वर्तमान सरकार में कानून तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई होती है। उन्होंने कहा कि आज किसी को व्यापारिक प्रतिष्ठानों में आग लगाने या बेटियों की इज्जत के साथ खिलवाड़ करने की छूट नहीं है।

मुख्यमंत्री के बयान से स्पष्ट है कि भाजपा 2027 के विधानसभा चुनाव में कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा, निवेश और रोजगार को प्रमुख मुद्दा बनाने की तैयारी में है। तीसरी बार सरकार बनाने का दावा कर योगी आदित्यनाथ ने चुनाव से पहले पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह भरने के साथ विपक्ष को भी सीधी राजनीतिक चुनौती दी है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया News 14 Today के  Facebook  पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts