अयोध्या राम मंदिर ट्रस्ट के पहले CEO का नाम कल हो सकता है तय, 5585 आवेदनों में से तीन नाम फाइनल

Ayodhya News, Ram Mandir Janmabhoomi Trust, First CEO of Ayodhya Ram Temple, Name of the first CEO of Ram Temple, Ayodhya News,

अयोध्या : श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पहले मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) के चयन की प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। मंगलवार को श्री राम जन्मभूमि परिसर में हुई बैठक के बाद CEO चयन के लिए गठित सर्च कमेटी ने अपनी रिपोर्ट ट्रस्ट को सौंप दी। कमेटी ने 5585 आवेदनों में से तीन नामों की संस्तुति की है। अब 2 सितंबर को होने वाली ट्रस्ट की बैठक में इन नामों पर चर्चा के बाद एक उम्मीदवार के नाम पर अंतिम फैसला होने की संभावना है।

ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष महंत गोविंद देवगिरी महाराज ने बताया कि राम मंदिर के कुशल और व्यवस्थित प्रबंधन के लिए एक योग्य CEO की तलाश की जा रही थी। इसके लिए तीन सदस्यीय सर्च कमेटी बनाई गई थी। कमेटी की जिम्मेदारी आवेदकों की योग्यता और अनुभव के आधार पर सबसे उपयुक्त उम्मीदवारों को चुनना था।

5585 आवेदनों से शुरू हुई चयन प्रक्रिया

सर्च कमेटी के अध्यक्ष सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति प्रमोद कोहली के मुताबिक, कमेटी को 8 अगस्त को जिम्मेदारी की जानकारी दी गई थी और 11 अगस्त को पहली बैठक हुई। इसके बाद CEO पद के लिए आवश्यक मानक तय किए गए और आवेदन प्रक्रिया शुरू की गई। 18 अगस्त तक कुल 5585 आवेदन प्राप्त हुए। इसके बाद 19 अगस्त को कमेटी ने उम्मीदवारों से अतिरिक्त जानकारी लेने के लिए गूगल फॉर्म तैयार किया। इसमें 3577 आवेदकों ने जवाब दिया। गूगल फॉर्म के लिए 600 अंक निर्धारित किए गए थे। 60 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल करने वाले उम्मीदवारों को अगले चरण के लिए योग्य माना गया। इस प्रक्रिया के बाद केवल 108 उम्मीदवार आगे बढ़ सके।

चार दिन चला वर्चुअल इंटरव्यू

स्क्रीनिंग के बाद 108 उम्मीदवारों के साथ चार दिनों तक वर्चुअल माध्यम से बातचीत की गई। इसके बाद 17 उम्मीदवारों को प्रत्यक्ष साक्षात्कार के लिए बुलाया गया। हालांकि इनमें से 16 उम्मीदवार ही इंटरव्यू में शामिल हुए। साक्षात्कार और अन्य मूल्यांकन के बाद कमेटी ने तीन उम्मीदवारों को अंतिम रूप से चुना। इन तीनों नामों की संस्तुति करते हुए रिपोर्ट ट्रस्ट को सौंप दी गई है।

कल होगा अंतिम फैसला

अब अंतिम निर्णय ट्रस्ट की बैठक में लिया जाएगा। 2 सितंबर को होने वाली बैठक में तीनों नामों पर विचार किया जाएगा। ट्रस्ट के सदस्य उम्मीदवारों की योग्यता, अनुभव और मंदिर के प्रशासनिक प्रबंधन के लिहाज से उनकी उपयुक्तता पर चर्चा कर सकते हैं। यदि बैठक में किसी एक नाम पर सहमति बनती है तो राम मंदिर ट्रस्ट के पहले CEO के नाम का ऐलान किया जा सकता है।

सर्च कमेटी के मुताबिक पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी तरीके से पूरा किया गया है। आवेदन, स्क्रीनिंग, ग्रेडिंग, वर्चुअल बातचीत और प्रत्यक्ष साक्षात्कार के कई चरणों के बाद तीन नामों का चयन हुआ है। अब 5585 आवेदनों से शुरू हुई यह दौड़ अंतिम तीन उम्मीदवारों तक पहुंच चुकी है और फैसला ट्रस्ट के हाथ में है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया News 14 Today के  Facebook  पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts