सहारनपुर में सिपाही की पत्नी की गोली लगने से मौत, सरकारी राइफल से चली गोली, पति हिरासत में

सहारनपुर में सिपाही की पत्नी की गोली लगने से मौत सरकारी राइफल से चली गोली पति हिरासत में

सहारनपुर : थाना सदर बाजार क्षेत्र में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब हकीकत नगर श्मशान घाट के सामने स्थित एक किराए के मकान में पुलिसकर्मी की पत्नी की गोली लगने से मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक महिला को गोली उसके पति की सरकारी INSAS राइफल से लगी। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। वहीं, पुलिसकर्मी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

मृतका की पहचान पुलिसकर्मी की पत्नी के रूप में हुई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मृतका के पति रिंकू वर्ष 2016 बैच के कांस्टेबल हैं और वर्तमान में पुलिस लाइन से संबद्ध होकर एंटी माइनिंग टास्क फोर्स में ड्यूटी कर रहे थे। बताया गया है कि दंपति पिछले करीब दो वर्षों से अपनी दो बेटियों के साथ किराए के मकान में रह रहा था।

घर के अंदर चली गोली, आसपास मचा हड़कंप

शुक्रवार को महिला घर के अंदर मौजूद थी। इसी दौरान अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। कुछ ही देर में घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना सदर बाजार पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण शुरू किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला को गर्दन के दाईं ओर गोली लगी। गंभीर गनशॉट इंजरी के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

सरकारी राइफल से चली गोली

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल घटनास्थल को सील कर दिया। फॉरेंसिक साइंस लैब यानी FSL की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करते हुए वैज्ञानिक और भौतिक साक्ष्य जुटाए हैं। डीआईजी अभिषेक सिंह के मुताबिक प्रथम दृष्टया महिला की मृत्यु गनशॉट इंजरी से होना प्रतीत हो रहा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार गोली कांस्टेबल रिंकू की सरकारी INSAS राइफल से चली है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि सरकारी हथियार महिला तक कैसे पहुंचा और घटना के समय घर के अंदर कौन-कौन मौजूद था।

पति को हिरासत में लेकर पूछताछ

घटना के तुरंत बाद पुलिस ने कांस्टेबल रिंकू को हिरासत में ले लिया। पुलिस अधिकारी उससे घटना को लेकर विस्तृत पूछताछ कर रहे हैं। जांच में इस बात को भी शामिल किया गया है कि गोली चलने की परिस्थितियां क्या थीं और घटना के पीछे कोई पारिवारिक विवाद या अन्य कारण तो नहीं था। पुलिस के मुताबिक मृतका के परिजनों ने दंपति के बीच पहले से पारिवारिक विवाद होने की बात बताई है। हालांकि, पुलिस ने अभी किसी एक कारण को घटना के पीछे जिम्मेदार नहीं माना है। अधिकारियों का कहना है कि सभी तथ्यों और बयानों का सत्यापन किया जा रहा है।

दो बेटियों के सिर से उठा मां का साया

महिला की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। मृतका की दो बेटियां हैं। मां की अचानक मौत से दोनों बच्चियों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना ने आसपास के लोगों को भी झकझोर दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटनाक्रम के प्रत्येक पहलू की गहनता से जांच की जा रही है। FSL रिपोर्ट, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से मिले साक्ष्य और परिवार के सदस्यों के बयानों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस की जांच इस बात पर केंद्रित है कि सरकारी राइफल से गोली किन परिस्थितियों में चली और महिला की मौत के पीछे वास्तविक वजह क्या थी।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया News 14 Today के  Facebook  पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts