सहारनपुर : जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण घाड़ क्षेत्र में हालात बिगड़ने लगे हैं। शिवालिक पहाड़ियों में हुई मूसलाधार बारिश के बाद मिर्जापुर क्षेत्र की कई बरसाती नदियों और नालों का जलस्तर अचानक बढ़ गया। जाटोवाला स्थित निर्माणाधीन स्पोर्ट्स कॉलेज के पास नदी में पानी का तेज बहाव देखने को मिला। नदी का पानी सड़क के ऊपर से बहने लगा, जिससे ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, सोमवार रात शिवालिक क्षेत्र में हुई भारी बारिश के बाद शाकंभरी देवी क्षेत्र में भी नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ा। भूरादेव मंदिर के पास शाकंभरी खोल में देर रात बाढ़ जैसे हालात बन गए। बताया गया कि इस बरसात में पहली बार नदी में इतना अधिक पानी देखने को मिला है।

जाटोवाला स्थित स्पोर्ट्स कॉलेज के पास नदी में पानी का बहाव इतना तेज हो गया कि पानी सड़क के ऊपर से गुजरने लगा। तेज बहाव के कारण पुल को भी नुकसान पहुंचने की जानकारी सामने आई है। आसपास रहने वाले ग्रामीणों को आशंका है कि यदि बारिश जारी रही तो पानी गांवों के निचले इलाकों में प्रवेश कर सकता है। महमूदपुर, असगरपुर और जाटोवाला समेत आसपास के कई गांवों पर बरसाती पानी का असर पड़ने की आशंका है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले वर्ष भी बारिश के दौरान पानी गांवों के अंदर तक पहुंच गया था। ग्रामीण राशिद प्रधान, मोहम्मद उस्मान, अनीस, रोबिन, मुंसद, शौकीन और अब्दुल समेत अन्य लोगों ने प्रशासन से जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, जाटोवाला स्थित निर्माणाधीन स्पोर्ट्स कॉलेज की ओर जाने वाले पुल के नीचे पानी की निकासी के लिए लगाए गए पाइपों में कचरा फंस गया। इससे पानी की निकासी प्रभावित हुई और नदी का पानी आसपास के क्षेत्रों में फैल गया। पानी असगरपुर और महमूदपुर गांवों की ओर पहुंच गया। कई किसानों के खेतों में भी पानी भर गया। इसके अलावा आम और लीची के बाग भी जलमग्न होने की जानकारी सामने आई है। इससे किसानों को फसलों और बागों को नुकसान होने की आशंका है। निर्माणाधीन स्पोर्ट्स कॉलेज परिसर में भी पानी पहुंचने की बात कही जा रही है।
नदी किनारे स्थित खिलौनों और अन्य सामान की दुकानों में भी पानी घुस गया। अचानक पानी बढ़ने के कारण दुकानदारों में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। दुकानदारों ने सामान को सुरक्षित स्थानों पर रखने का प्रयास किया। दुकानों में पानी भरने से सामान को नुकसान पहुंचने की आशंका है। स्थानीय लोगों के अनुसार नदी का जलस्तर बढ़ने के साथ आसपास के निचले इलाकों में भी पानी भरने लगा है। मिर्जापुर क्षेत्र में शाहपुर गाड़ा, पाडली और नौगांवा समेत कई बरसाती नदियां भी उफान पर आ गईं। इन नदियों का पानी सहारनपुर-विकासनगर हाईवे तक पहुंच गया। हाईवे पर पानी आने से यातायात प्रभावित हुआ। इसके अलावा आसपास के निचले इलाकों में भी बरसाती पानी पहुंचा। कुछ ग्रामीणों के घरों तक पानी पहुंचने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया News 14 Today के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

