अमरोहा में तीन बहनों की शादी पर नया विवाद, एक के नाबालिग होने का दावा

अमरोहा में तीन बहनों की शादी पर नया विवाद, एक के नाबालिग होने का दावा

अमरोहा : उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले में एक ही युवक से तीन बहनों की शादी का मामला सामने आने के बाद अब नया मोड़ आ गया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए इस विवाह के वीडियो के बीच तीनों में से एक युवती के नाबालिग होने का दावा किया गया है। हाईस्कूल की कथित मार्कशीट सामने आने के बाद बाल कल्याण समिति (CWC) और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

मामला हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के धोरिया गांव का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, दो सगी बहनें अलका और देविका तथा उनकी मौसेरी बहन पिछले कुछ समय से एक साथ रह रही थीं। तीनों सोशल मीडिया और यूट्यूब पर कॉमेडी और मनोरंजन से जुड़े वीडियो बनाती हैं। दावा है कि उनके चैनल पर चार लाख से अधिक फॉलोअर्स हैं।

बताया जा रहा है कि 17 जुलाई को तीनों युवतियों ने अपने कैमरामैन के साथ एक मंदिर में एक ही युवक से शादी की। शादी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया। तीनों युवतियों ने वीडियो जारी कर दावा किया कि उन्होंने अपनी इच्छा से युवक से शादी की है।

इसी बीच मौसेरी बहन की हाईस्कूल की कथित मार्कशीट सामने आई, जिसके आधार पर उसकी उम्र करीब 15 वर्ष होने का दावा किया गया। इसके बाद मामले ने गंभीर कानूनी रूप ले लिया। अमरोहा बाल कल्याण समिति ने स्वतः संज्ञान लेते हुए नोटिस जारी किया है।

CWC के अध्यक्ष अतुलेश भारद्वाज ने बताया कि नाबालिग की शादी की सूचना मिलने के बाद समिति ने मामले का संज्ञान लिया है। जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश कुमार भदौरिया के अनुसार, पुलिस सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और उपलब्ध तथ्यों की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अब सभी की नजर जांच रिपोर्ट पर है। यदि युवती के नाबालिग होने की पुष्टि होती है, तो मामला कानूनी कार्रवाई तक पहुंच सकता है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया News 14 Today के  Facebook  पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts