सहारनपुर : सहारनपुर पुलिस ने अवैध हथियार बनाने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना फतेहपुर क्षेत्र में संचालित एक अवैध शस्त्र फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया, जबकि मौके से बड़ी संख्या में तैयार और अर्धनिर्मित हथियार, जिंदा कारतूस तथा हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए गए। पुलिस अब इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, थाना प्रभारी निरीक्षक वीरेन्द्र सिंह राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बुड्ढाखेड़ा स्थित पुंडीर नदी के डूब क्षेत्र में बने एक कमरे में अवैध रूप से हथियार तैयार किए जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर छापेमारी की और वहां से रोहित उर्फ बाबा, निवासी ग्राम गणेशपुर थाना बिहारीगढ़, को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान पुलिस ने एक .315 बोर का तमंचा, दो पोना 12 बोर तमंचे, छह अर्धनिर्मित .315 बोर तमंचे, चार नाल, सात जिंदा कारतूस और हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले ग्राइंडर, रेती, हथौड़ी, स्प्रिंग, डाई सहित अन्य उपकरण बरामद किए। इसके अलावा बिना नंबर की एक मोटरसाइकिल भी पुलिस ने कब्जे में ले ली।
बरामदगी के आधार पर थाना फतेहपुर में मुकदमा संख्या 255/26 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 3/5/25 में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि अब तक कितने हथियार तैयार किए गए, किन लोगों तक उनकी सप्लाई हुई और इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
मामले का खुलासा करते हुए एसपी ग्रामीण मयंक पाठक ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने यह कार्रवाई की। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया है कि उसने कुछ दिन पहले ही अवैध हथियार बनाने का काम शुरू किया था। हालांकि पुलिस इस दावे की भी गहन जांच कर रही है।
एसपी ग्रामीण ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित कर दी गई हैं। ये टीमें गिरोह के अन्य सदस्यों, हथियारों के खरीदारों और संभावित सप्लाई नेटवर्क की तलाश में जुटी हैं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इन अवैध हथियारों की आपूर्ति किन क्षेत्रों में की जानी थी और कहीं इसके पीछे कोई बड़ा आपराधिक गिरोह तो सक्रिय नहीं है।
पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध हथियारों के निर्माण और तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसे अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

