सहारनपुर : सहारनपुर के थाना कुतुबशेर इलाके के उनाली गांव में जैक लगाकर उठाए जा रहे मकान का लिंटर अचानक गिर गया। मलबे में पांच मजदूर दब गए। इनमें से चार तो बाहर निकल आए, लेकिन एक मजदूर की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद जहां परिजनों में कोहराम मचा हुआ है वहीं ग्रामीणों में शोक की लहर दौड़ गई।
आपको बता दें कि उनाली गांव में मकान का लिंटर दो से तीन फीट ऊंचा उठाने का काम चल रहा था। ठेकेदार ने लिंटर उठाने के लिए मजदूरों को सारा सामान दे दिया था। बुधवार देर शाम जैक लगाकर लिंटर को करीब दो फीट ऊंचा उठाया जा रहा था। इस दौरान अचानक जैक फिसल गया और लिंटर थोड़ा आगे खिसक कर नीचे गिर गया। इस हादसे के दौरान दीवार भी टूट गई।
लिंटर का एक बड़ा हिस्सा दूसरी दीवार पर टिका था। लिंटर का जो हिस्सा गिरा, उसके नीचे पांच मजदूर दब गए। अचानक हुए इस हादसे से गांव में अफरा-तफरी मच गई। तमाम लोग तुरंत मलबे में दबे मजदूरों को निकालने की कोशिश में जुट गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी गांव पहुंच गई।
पुलिस और ग्रामीणों ने कड़ी मशक्त के बाद चार मजदूरों को तो बाहर निकाल लिया, लेकिन 22 वर्षीय नितिन उर्फ पोपीन पुत्र सुखपाल निवासी मानकमऊ मोहल्ला नयाबांस दबे रह गए। किसी तरह नितिन को भी बाहर निकाला गया। गंभीर रूप से घायल नितिन को जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिवार के लोग भी अस्पताल पहुंच गए।
मृतक के चाचा मुकेश ने बताया कि नितिन की अभी शादी नहीं हुई थी। उसके दो भाई हैं। एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि मृतक के परिजनों की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया News 14 Today के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...