बागपत/दिल्ली : खेकड़ा कस्बे के मोहल्ला चक्रसेनपुर निवासी शिवानी उपाध्याय (24) की दिल्ली में हत्या कर दी गई। लड़की के पिता जय भगवान उपाध्याय ने दिल्ली पुलिस के बिरला मंदिर मार्ग थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया। उन्होंने हत्या का शक उसकी सहेली और दोस्तों पर जताते हुए कार्रवाई की मांग की।
आपको बता दें कि कस्बे के मोहल्ला चक्रसेनपुर निवासी जय भगवान उपाध्याय बाबा गोरखनाथ मंडली के महाराज हैं। उनकी बेटी शिवानी दिल्ली बदरपुर बॉर्डर स्थित कॉल सेंटर में काम करती थी। जय भगवान ने बताया कि कुछ दिन पहले उनकी बेटी शिवानी का कॉल सेंटर में काम करने वाली दिल्ली निवासी लड़की से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। तब दिल्ली की लड़की ने उनकी बेटी को बुरा अंजाम भुगतने की धमकी दी थी।
रविवार को शिवानी कॉल सेंटर पर ड्यूटी के बाद घर लौट रही थी। तभी रास्ते में उसी लड़की ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर शिवानी को जबरन कार में डाल लिया और कहीं ले जाकर उसकी हत्या कर दी। घटना को अंजाम देकर फरार हो गए। इसकी जानकारी होने पर वह अपने परिजनों के साथ दिल्ली पहुंचे और शिवानी को दिल्ली के एक अस्पताल में ले गए। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
शिकायत मिलने पर दिल्ली बिरला मंदिर मार्ग थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जयभगवान ने बताया कि उनकी बेटी की हत्या के बाद परिवार में छोटा बेटा विक्की और सबसे छोटी बेटी दीपिका है। शिवानी अपने पिता से कहती थी कि वह जीवन में कुछ बनना चाहती है। उधर, खेकड़ा पुलिस का कहना है कि घटना दिल्ली में हुई है, और वहां की पुलिस कार्रवाई कर रही है।
नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया News 14 Today के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...