CM धामी ने चंपावत को ₹123.79 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात दी, जिम कॉर्बेट ट्रेल का किया उद्घाटन

CM धामी ने चंपावत को ₹123.79 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात दी, जिम कॉर्बेट ट्रेल का किया उद्घाटन

उत्तराखंड : उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को चंपावत दौरे के दौरान जिले को विकास की बड़ी सौगात दी। उन्होंने कुल ₹123.79 करोड़ की लागत वाली 17 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने लगभग ₹3.50 करोड़ की लागत से तैयार जिम कॉर्बेट ट्रेल का उद्घाटन किया और प्रस्तावित सिटी सेंटर की आधारशिला भी रखी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार चंपावत को उत्तराखंड का एक मॉडल जिला बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

जिला मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने ₹27.79 करोड़ की लागत से पूरी हुई आठ विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया, जबकि ₹96 करोड़ की लागत से बनने वाली नौ नई परियोजनाओं का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल सड़कें और भवन बनाना नहीं, बल्कि युवाओं के लिए रोजगार, महिलाओं को आत्मनिर्भरता, किसानों की आय में वृद्धि और स्थानीय व्यापार को बढ़ावा देना है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि चंपावत शहर में ₹62.33 करोड़ की लागत से आधुनिक मल्टी-स्टोरी पार्किंग और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स (सिटी सेंटर) बनाया जाएगा। इसके अलावा महिला टेक्नोलॉजी पार्क, आधुनिक लाइब्रेरी, नॉलेज सेंटर और ओपन जिम जैसी सुविधाओं का भी विकास किया जाएगा, जिससे शहर की आधारभूत संरचना मजबूत होगी।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा और खेल के क्षेत्र में भी लगातार निवेश कर रही है। लड़कियों के लिए लगभग ₹257 करोड़ की लागत से महिला स्पोर्ट्स कॉलेज और ₹58.52 करोड़ की लागत से आधुनिक साइंस सेंटर का निर्माण कराया जा रहा है। वहीं किसानों की आय बढ़ाने के लिए कृषि महाविद्यालय, गौ संरक्षण से जुड़ी परियोजनाएं और आधुनिक कृषि तकनीकों को बढ़ावा देने का कार्य भी जारी है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत मां पूर्णागिरी धाम, शारदा कॉरिडोर, गोल्जू कॉरिडोर और मां वाराही धाम सहित कई धार्मिक स्थलों का विकास किया जा रहा है। इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

इसके अलावा टनकपुर में ₹237.74 करोड़ की लागत से आधुनिक आईएसबीटी (ISBT) और ₹14 करोड़ की लागत से मीडिया सेंटर का निर्माण किया जा रहा है। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने खटकाना पुल स्थित एटलस पावर हाउस जिम का उद्घाटन भी किया। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य चंपावत को विकास, पर्यटन, शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में उत्तराखंड के अग्रणी जिलों में शामिल करना है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया News 14 Today के  Facebook  पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts