शादी के कार्ड पर अनिल-संजय नाम से मचा विवाद, पुलिस पहरे में दो बहनों का निकाह; विभाजन की त्रासदी से जुड़ी है परिवार की परंपरा

Controversy erupts over the names 'Anil' and 'Sanjay' on wedding cards; two sisters' *nikah* (wedding) held under police protection; the family tradition is rooted in the tragedy of the Partition.

सहारनपुर : शादी के निमंत्रण कार्ड पर लिखे दो नामों ने ऐसा विवाद खड़ा कर दिया कि मामला सोशल मीडिया से निकलकर पुलिस कोतवाली तक पहुंच गया। निकाह रुकवाने की धमकियां दी गईं, बरातघर की बुकिंग निरस्त कराने का दबाव बनाया गया और तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। हालांकि तमाम विवाद और आशंकाओं के बीच गुरुवार को गंगोह में दो सगी मुस्लिम बहनों का निकाह पुलिस सुरक्षा में शांतिपूर्वक संपन्न हो गया। खास बात यह है कि जिन नामों को लेकर विवाद खड़ा हुआ, उनके पीछे देश के विभाजन के दौर से जुड़ी परिवार की एक भावनात्मक कहानी सामने आई है।

Controversy erupts over the names 'Anil' and 'Sanjay' on wedding cards; two sisters' *nikah* (wedding) held under police protection; the family tradition is rooted in the tragedy of the Partition.

कार्ड वायरल होते ही शुरू हुआ विवाद

गंगोह कस्बे के मोहल्ला अनारकली निवासी दो सगी बहनों की शादी 12 नवंबर को तय थी। परिवार में शादी की तैयारियां चल रही थीं और रिश्तेदारों को निमंत्रण देने के लिए कार्ड भी छपवाए गए थे। सब कुछ सामान्य तरीके से चल रहा था, लेकिन जैसे ही शादी का कार्ड सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, मामला चर्चा का विषय बन गया।

कार्ड पर दूल्हों के नाम अनिल और संजय लिखे थे। इन नामों को देखकर कुछ लोगों ने सवाल उठाने शुरू कर दिए। धीरे-धीरे यह चर्चा विवाद में बदल गई और निकाह को लेकर विरोध की बातें सामने आने लगीं।

मुस्लिम परिवार में हिंदू नाम रखने की अनोखी परंपरा

दरअसल, हरियाणा के हिसार जिले के छोटी सातरोड निवासी अनिल और जींद जिले के ढांडाखेड़ी निवासी संजय मुस्लिम परिवार से ताल्लुक रखते हैं। दोनों आपस में मौसेरे भाई हैं। उनके हिंदू नाम परिवार की पुरानी परंपरा का हिस्सा हैं। धार्मिक रूप से दोनों मुस्लिम हैं, लेकिन उनके नाम हिंदू परंपरा के अनुसार रखे गए हैं।

दूल्हों के परिजनों के मुताबिक, इस परंपरा की जड़ें वर्ष 1947 में देश के विभाजन के दौरान जुड़ी हैं। उस समय परिवार के पूर्वजों की जान पर संकट आ गया था। परिवार का कहना है कि उस कठिन दौर में गांव के हिंदू परिवारों ने उनकी जान बचाने के लिए उन्हें अपनी पहचान छिपाकर हिंदू बताया था।

परिजनों के अनुसार, संकट के समय मिले सहयोग और इंसानियत को परिवार ने कभी नहीं भुलाया। इसी भाईचारे और आपसी सद्भाव की याद को पीढ़ियों तक जीवित रखने के लिए बच्चों के हिंदू नाम रखने की परंपरा शुरू हुई। समय के साथ पीढ़ियां बदलती रहीं, लेकिन परिवार ने इस परंपरा को कायम रखा। अनिल और संजय के नाम भी इसी पारिवारिक परंपरा के तहत रखे गए हैं।

बरातघर की बुकिंग रद्द कराने का दबाव, कोतवाली पहुंचा मामला

शादी का कार्ड वायरल होने के बाद आरोप है कि कुछ लोगों ने समारोह के लिए बुक किए गए बरातघर के संचालक को फोन कर बुकिंग निरस्त करने का दबाव बनाया। इतना ही नहीं, धमकियों के दौरान हिंदू सुरक्षा सेवा संघ के जिलाध्यक्ष रोहित प्रधान के नाम का भी उल्लेख किया गया।

विवाद बढ़ने पर लड़की पक्ष ने गंगोह कोतवाली पहुंचकर दो लोगों के खिलाफ शिकायत दी और कार्रवाई की मांग की। मामला संवेदनशील होने के कारण पुलिस प्रशासन भी सतर्क हो गया और निकाह के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की तैयारी की गई।

पुलिस पहरे में पहुंची बरात, शांतिपूर्वक संपन्न हुआ निकाह

गुरुवार को हरियाणा से दोनों दूल्हे बरात लेकर गंगोह पहुंचे तो पुलिस की निगरानी में उनका स्वागत हुआ। लड़की पक्ष के परिजनों और रिश्तेदारों ने बरात का परंपरागत तरीके से इस्तकबाल किया। इसके बाद निकाह की रस्में शुरू हुईं।

बरातघर के बाहर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी और पूरे कार्यक्रम पर नजर रखी जा रही थी। आशंका जताई जा रही थी कि विरोध करने वाले लोग समारोह में पहुंच सकते हैं, लेकिन मौके पर कोई विरोध करने नहीं आया। न किसी ने निकाह में बाधा डाली और न ही कोई अप्रिय स्थिति पैदा हुई।

दोनों बहनों का निकाह निर्धारित रस्मों के अनुसार शांतिपूर्वक संपन्न हो गया। निकाह के बाद मेहमानों को छुआरे वितरित किए गए। समारोह में भारतीय किसान यूनियन टिकैत के ब्लॉक अध्यक्ष हाजी तहसीन चौधरी, नगर अध्यक्ष मेहरबान कुरैशी और सरफराज समेत कई लोग मौजूद रहे।

कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर होगी कार्रवाई

सीओ शैलेंद्र प्रताप गौतम ने बताया कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने पहले से ही सुरक्षा के इंतजाम किए थे। बरातघर में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी और पूरे घटनाक्रम पर नजर रखी जा रही थी। उन्होंने बताया कि निकाह के दौरान किसी ने विरोध नहीं किया और सभी रस्में शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुईं।

सीओ ने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने या शादी समारोह में बाधा डालने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। गंगोह में शादी के कार्ड पर लिखे दो नामों से शुरू हुआ विवाद आखिरकार शांतिपूर्ण निकाह के साथ समाप्त हो गया। इस घटना ने विभाजन के दौर में इंसानियत और भाईचारे की एक पुरानी कहानी को भी सामने ला दिया, जो आज भी एक परिवार की परंपरा में जीवित है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया News 14 Today के  Facebook  पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts