चाची से कथित प्रेम संबंध बने चाचा की मौत की वजह, भतीजे ने भाई संग रची हत्या की साजिश; सरसावा टोल से दोनों गिरफ्तार

Alleged affair with aunt leads to uncle's death; nephew and his brother hatch murder plot—both arrested near Sarsawa toll plaza.

सहारनपुर : रिश्तों को शर्मसार करने वाले सहारनपुर के राजू हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। चाची के साथ कथित प्रेम संबंधों को लेकर चाचा से चल रही रंजिश ने खूनी रूप ले लिया। आरोप है कि भतीजे शुभम उर्फ बॉबी ने अपने सगे भाई रजत के साथ मिलकर चाचा राजू की हत्या की साजिश रची। पहले खेत में लोहे की रॉड से सिर पर हमला कर उन्हें अधमरा किया और फिर जिंदा हालत में मोटरसाइकिल पर ले जाकर दूसरे थाना क्षेत्र में फेंक दिया। बाद में राजू की मौत हो गई। पुलिस ने दोनों सगे भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है।

गुरुवार को पुलिस लाइन सभागार में एसपी देहात मयंक पाठक ने प्रेसवार्ता कर हत्याकांड का खुलासा किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को देहरादून-अंबाला हाईवे स्थित सरसावा टोल प्लाजा से गिरफ्तार किया। उनकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल लोहे की रॉड, मृतक के कपड़े, पर्स, ड्राइविंग लाइसेंस और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

साढ़े तीन साल से चाची से बातचीत, चाचा करता था विरोध

पुलिस के मुताबिक, चिलकाना थाना क्षेत्र के गांव चौरी मंडी निवासी राजू की पत्नी और उसके भतीजे शुभम उर्फ बॉबी के बीच पिछले करीब साढ़े तीन साल से बातचीत और कथित प्रेम संबंध थे। राजू को इसकी जानकारी थी और वह कई बार इस पर आपत्ति जता चुका था। इसी बात को लेकर शुभम अपने चाचा से नाराज रहने लगा था।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि शुभम को राजू अपने कथित प्रेम संबंधों में बाधा नजर आने लगे थे। इसी रंजिश के चलते उसने चाचा को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। आरोप है कि इस साजिश में उसने अपने सगे भाई रजत को भी शामिल कर लिया।

खेत में बुलाकर लोहे की रॉड से किया हमला

पुलिस के अनुसार, 9 नवंबर की शाम शुभम ने फोन करके राजू को खेत में बुलाया। वहां दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद शुभम ने पहले से लाई गई लोहे की रॉड से राजू के सिर पर वार कर दिया। चोट लगने से राजू बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े। हालांकि उस समय उनकी सांसें चल रही थीं।

इसके बाद शुभम ने अपने भाई रजत को फोन कर घटनास्थल पर बुला लिया। एसपी देहात मयंक पाठक के मुताबिक, दोनों भाइयों को डर था कि घायल राजू को खेत में छोड़ने या पुलिस को सूचना देने पर वे पकड़े जा सकते हैं। इसी डर के चलते उन्होंने घायल चाचा को ठिकाने लगाने की योजना बनाई।

मोटरसाइकिल पर ले जाकर दूसरे थाना क्षेत्र में फेंका

आरोप है कि दोनों भाई राजू को मोटरसाइकिल पर बीच में बैठाकर सरसावा थाना क्षेत्र में ले आए। यहां हैदरपुर से भिक्कनपुर जाने वाले रास्ते पर बंधे के पास उन्हें फेंककर फरार हो गए। बाद में उसी स्थान पर राजू की मौत हो गई।

10 नवंबर को सरसावा क्षेत्र में अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने पर पुलिस ने शिनाख्त के प्रयास शुरू किए। जांच के दौरान मृतक की पहचान राजू के रूप में हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर किसी भारी वस्तु से चोट लगने की पुष्टि हुई, जिसके बाद पुलिस ने हत्या के मामले की जांच तेज कर दी।

सर्विलांस से खुला राज, टोल प्लाजा से गिरफ्तारी

पुलिस ने सर्विलांस और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। जांच के दौरान शक की सुई मृतक के भतीजे शुभम और उसके भाई रजत पर जाकर ठहर गई। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को देहरादून-अंबाला हाईवे स्थित सरसावा टोल प्लाजा से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल लोहे की रॉड, मृतक के कपड़े, पर्स, ड्राइविंग लाइसेंस और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की। शुभम के खून से सने कपड़े भी पुलिस ने कब्जे में लिए हैं। आरोपियों ने राजू का मोबाइल तोड़कर बिन्नाखेड़ी के पास तालाब में फेंकने की बात भी बताई है।

मृतक की पत्नी की भूमिका पर पुलिस की जांच जारी

हत्याकांड में मृतक की पत्नी की भूमिका को लेकर एसपी देहात मयंक पाठक ने स्पष्ट किया कि अभी तक महिला की संलिप्तता के सीधे साक्ष्य नहीं मिले हैं। प्रारंभिक पूछताछ में हत्या की योजना की जानकारी होने की बात भी सामने नहीं आई है। हालांकि पुलिस इस पहलू पर विवेचना कर रही है।

फिलहाल पुलिस ने दोनों सगे भाइयों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया है। कथित प्रेम संबंधों से शुरू हुई रंजिश ने एक परिवार को उजाड़ दिया। चाचा की हत्या के आरोप में भतीजा और उसका भाई पुलिस की गिरफ्त में पहुंच गए हैं।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया News 14 Today के  Facebook  पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts