सहारनपुर : सरसावा क्षेत्र के गांव कुतुबपुर स्थित आशीर्वाद गार्डन में सम्राट मिहिर भोज की जयंती के अवसर पर विभिन्न सामाजिक एवं किसान संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में सभा का आयोजन किया गया। अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा, राष्ट्रीय करनी सेना संघ, पृथ्वीराज चौहान राजपूत सभा और भारतीय किसान यूनियन ‘सेवक’ से जुड़े पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सम्राट मिहिर भोज की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उनके ऐतिहासिक योगदान और स्वर्णिम कार्यकाल को स्मरण करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया गया।
सभा में वक्ताओं ने सम्राट मिहिर भोज के ऐतिहासिक व्यक्तित्व और उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि महापुरुषों की जयंती मनाने का उद्देश्य उनके जीवन, विचारों और आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। उन्होंने समाज के लोगों से आह्वान किया कि सम्राट मिहिर भोज की जयंती को व्यापक स्तर पर मनाया जाए, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी उनके इतिहास और योगदान से परिचित हो सकें।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने संकल्प लिया कि आगामी 18 अक्टूबर को क्षत्रिय समाज के लोग अपने-अपने घरों में सम्राट मिहिर भोज की जयंती मनाएंगे। इसके माध्यम से महापुरुषों के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करने और उनके गौरवशाली इतिहास को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
इस आयोजन की विशेष बात यह रही कि सभा में क्षत्रिय समाज के लोगों के साथ सर्वसमाज तथा विभिन्न धर्मों और पंथों से जुड़े लोगों ने भी भागीदारी की। सभी ने सम्राट मिहिर भोज की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धा व्यक्त की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति रही। आयोजकों ने इसे सामाजिक सहभागिता और आपसी सौहार्द को बढ़ावा देने वाला आयोजन बताया।
सभा की अध्यक्षता शिक्षक नेता रजनीश चौहान ने की, जबकि संचालन एडवोकेट दुष्यंत राणा ने किया। कार्यक्रम में नीरज चौहान, ठाकुर नैनसिंह चौहान, किसान नेता दीपक सोम, कुशलपाल पुंडीर, ठाकुर अजय सोम, ठाकुर अनिवेश पुंडीर, विनोद पुंडीर, एडवोकेट राजेंद्र चौहान और चंद्रहास पुंडीर सहित विभिन्न संगठनों से जुड़े पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम का समापन सम्राट मिहिर भोज के आदर्शों को स्मरण करने, उनके ऐतिहासिक योगदान को समाज के बीच पहुंचाने तथा जयंती को घर-घर मनाने के संकल्प के साथ हुआ।

