प्रेमी से शादी की जिद में टावर पर चढ़ी नाबालिग, मचा हड़कंप; पुलिस ने ऐसे बचाई जान

Lakhimpur Kheri News Lakhimpur Kheri News

लखीमपुर खीरी : प्रेमी से शादी की जिद… परिजन तैयार नहीं हुए तो नाबालिग किशोरी ने ऐसा कदम उठा लिया कि पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। बुधवार को किशोरी मोबाइल टावर पर चढ़ गई और नीचे उतरने से इनकार कर दिया। टावर पर किशोरी को देख मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस भी पहुंची और काफी देर की समझाइश के बाद किशोरी को सुरक्षित नीचे उतार लिया।

मामला तिकुनिया थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि किशोरी अपने प्रेमी से शादी करना चाहती थी, लेकिन परिवार उसकी इस मांग से सहमत नहीं था। इससे नाराज किशोरी मोबाइल टावर पर चढ़ गई। टावर पर पहुंचने के बाद वह नीचे मौजूद लोगों और पुलिस से लगातार प्रेमी से शादी कराने की मांग करती रही।

टावर पर चढ़ी किशोरी, नीचे जुटी भीड़

किशोरी के टावर पर चढ़ने की खबर कुछ ही देर में आसपास के इलाके में फैल गई। बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। हर किसी की नजर टावर के ऊपर मौजूद किशोरी पर थी। लोग उसे नीचे उतरने के लिए समझाते रहे, लेकिन किशोरी अपनी मांग पर अड़ी रही।

इसी बीच घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। तिकुनिया प्रभारी निरीक्षक अवनीश कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति को गंभीरता से लेते हुए किशोरी से बातचीत शुरू की।

फोन पर पुलिस ने समझाया, फिर मानी बात

पुलिस के सामने चुनौती किशोरी को सुरक्षित नीचे उतारने की थी। प्रभारी निरीक्षक ने फोन के माध्यम से किशोरी से लगातार बातचीत की। उसे समझाया गया कि इतनी ऊंचाई पर रहना उसकी जान के लिए बेहद खतरनाक है और पहले सुरक्षित नीचे उतरना जरूरी है।

काफी देर तक चली बातचीत के बाद पुलिस उसे समझाने में सफल रही। किशोरी टावर से नीचे उतरने के लिए तैयार हो गई। उसके सुरक्षित नीचे आते ही पुलिसकर्मियों, परिजनों और मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली।

काउंसिलिंग सेंटर भेजी गई किशोरी

प्रभारी निरीक्षक अवनीश कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। किशोरी मोबाइल टावर पर चढ़ी हुई थी। पुलिस ने उससे फोन पर बातचीत कर उसे समझाया, जिसके बाद वह सुरक्षित नीचे उतर आई।

पुलिस के मुताबिक किशोरी को काउंसिलिंग सेंटर भेजा गया है। मामले में आवश्यक प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस किशोरी और उसके परिवार से जानकारी जुटा रही है। घटना के बाद इलाके में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। फिलहाल पुलिस का पूरा फोकस किशोरी की सुरक्षा और काउंसिलिंग पर है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया News 14 Today के  Facebook  पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts