सहारनपुर में कांग्रेसियों का कलेक्ट्रेट पर हंगामा, धक्का-मुक्की में जिलाध्यक्ष का फटा कुर्ता; महानगर अध्यक्ष समेत कई गिरफ्तार

Protests over voter list

सहारनपुर : मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस के देशव्यापी प्रदर्शन के तहत सोमवार को सहारनपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों को रोकने के दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक के बाद धक्का-मुक्की हो गई। इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष संदीप राणा का कुर्ता फट गया। वहीं, पोस्टर छीनने की कोशिश में एक पुलिसकर्मी के सड़क पर गिरने की भी बात सामने आई है। हंगामा बढ़ने पर पुलिस ने कलेक्ट्रेट का मुख्य गेट बंद कर दिया। पुलिस ने कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष मनीष त्यागी समेत कई कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया।

Protests over voter list

कांग्रेस की ओर से चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ 28 सितंबर को देशभर में जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन का आह्वान किया गया था। इसी क्रम में सहारनपुर में भी कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता एकजुट होकर कलेक्ट्रेट पहुंचे। प्रदर्शनकारियों के हाथों में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर वाले पोस्टर थे।

कांग्रेस कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट के मुख्य द्वार की ओर बढ़े तो पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। पुलिस की ओर से पोस्टर को विवादित बताते हुए उसे कब्जे में लेने की कोशिश की गई। इसी दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच पोस्टर को लेकर खींचतान शुरू हो गई। खींचतान में पोस्टर फट गया और एक पुलिसकर्मी के सड़क पर गिरने की बात सामने आई। इसके बाद मौके पर मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ता और पुलिसकर्मी आमने-सामने आ गए।

धक्का-मुक्की के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष संदीप राणा समेत कुछ अन्य नेताओं के कपड़े भी फट गए। जिलाध्यक्ष का कुर्ता फटने के बाद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं में आक्रोश बढ़ गया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने कलेक्ट्रेट के मुख्य द्वार के सामने प्रदर्शन शुरू कर दिया। कुछ कार्यकर्ताओं की ओर से पोस्टर जलाने का प्रयास भी किया गया, जिसे पुलिस ने रोकने की कोशिश की।

हंगामे के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच काफी देर तक खींचतान होती रही। पुलिस का आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान एक कांग्रेस नेता ने पुलिसकर्मी को धक्का दिया। इसके बाद स्थिति और तनावपूर्ण हो गई। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुलिस ने कलेक्ट्रेट का मुख्य गेट बंद करा दिया और अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर बुलाया गया।

इसी बीच कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष मनीष त्यागी कलेक्ट्रेट के गेट पर चढ़ गए। प्रदर्शनकारी गेट खोलकर अंदर जाने का प्रयास कर रहे थे, जबकि पुलिस उन्हें रोकने में जुटी थी। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया और बाद में महानगर अध्यक्ष समेत कई लोगों को गिरफ्तार कर लिया।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष संदीप राणा ने कहा कि पार्टी का प्रदर्शन चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को लेकर है। कांग्रेस नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई। पार्टी का आरोप है कि चुनाव प्रक्रिया से जुड़े कई गंभीर सवाल सामने आए हैं, जिन्हें लेकर देशभर में विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है।

फिलहाल कलेक्ट्रेट परिसर और उसके आसपास पुलिस बल तैनात रहा। प्रदर्शन के दौरान हुई धक्का-मुक्की, पोस्टर फाड़े जाने और पुलिसकर्मी के गिरने को लेकर दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग दावे सामने आए हैं। पुलिस की कार्रवाई के बाद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं में भी नाराजगी देखी गई।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया News 14 Today के  Facebook  पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts