शादी का झांसा, लाखों रुपये और सात साल तक संबंध: सहारनपुर में पास्टर गिरफ्तार

Rape With Doctor In Kanpur

सहारनपुर: कोतवाली सदर बाजार क्षेत्र की एक महिला ने चर्च के पास्टर जसपाल मसीह उर्फ जसपाल भट्टी पर शादी का झांसा देकर करीब सात वर्षों तक शारीरिक संबंध बनाने और लाखों रुपये लेने का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। कोर्ट में पेश किए जाने के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया। महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी मुलाकात वर्ष 2017 में जसपाल मसीह से हुई थी। आरोप है कि इसके बाद पास्टर का उसके घर आना-जाना शुरू हो गया। महिला के मुताबिक, सितंबर 2019 में आरोपी ने उसे अपने घर बुलाया और चर्च में महत्वपूर्ण पद दिलाने का भरोसा दिया। इसी दौरान उसने महिला की इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाए।

महिला का आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने उससे शादी करने का वादा किया और इसी भरोसे पर उसे अलग-अलग किराये के मकानों में बुलाता रहा। शिकायत के अनुसार, आरोपी ने समय-समय पर अलग-अलग बहाने बनाकर उससे कई लाख रुपये भी लिए। महिला ने बताया कि करीब चार महीने पहले आरोपी ने शादी के लिए लगभग 10 लाख रुपये खर्च होने की बात कही और उससे पांच लाख रुपये नकद ले लिए। आरोप है कि रकम लेने के बाद भी उसने शादी नहीं की। महिला के मुताबिक, जब उसके लिए कहीं और शादी के रिश्ते आने लगे तो आरोपी उन्हें किसी न किसी बहाने से रुकवाने की कोशिश करता था।

महिला ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी उसे भावनात्मक रूप से दबाव में रखता था। वह कथित तौर पर धमकी देता था कि यदि उसने किसी अन्य व्यक्ति से शादी की तो वह अपनी नस काटकर जान दे देगा। महिला का कहना है कि इस वजह से वह लंबे समय तक आरोपी के दबाव में रही। मामले में 13 जून 2026 को नया मोड़ आया। महिला के अनुसार, उसे आरोपी के व्यवहार पर शक हुआ। इसके बाद उसने राठी चौक, हकीकत नगर स्थित एक मकान में आरोपी को कथित तौर पर दूसरी महिला के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया। आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने उसके साथ मारपीट और अभद्रता की तथा शादी करने से इन्कार कर दिया।

इसके बाद महिला ने कोतवाली सदर बाजार में शिकायत देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी पास्टर जसपाल मसीह उर्फ जसपाल भट्टी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। सीओ द्वितीय मनोज कुमार यादव ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की अंतिम पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के दौरान साक्ष्यों के आधार पर होगी।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया News 14 Today के  Facebook  पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts