पंचकुआ के 11 स्टोन क्रेशरों पर प्रशासन का बड़ा शिकंजा

भंडारण और सरकारी पोर्टल के आंकड़ों में 44,282 घनमीटर का भारी अंतर, सभी 11 क्रेशरों की अनुज्ञप्तियां निलंबित

सहारनपुर : तहसील सदर क्षेत्र के ग्राम पंचकुआ में संचालित 11 स्टोन क्रेशरों पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। संयुक्त जांच में क्रेशरों के वास्तविक भंडारण और सरकारी पोर्टल पर दर्ज उपखनिज की मात्रा में भारी अंतर सामने आने के बाद प्रशासन ने सभी 11 स्टोन क्रेशरों की भंडारण अनुज्ञप्तियां तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दी हैं। साथ ही संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है।उपजिलाधिकारी सदर, क्षेत्राधिकारी सदर और खान निरीक्षक की संयुक्त टीम ने पंचकुआ स्थित क्रेशर इकाइयों की जांच की थी।

7 अगस्त 2026 को तैयार की गई जांच आख्या में भंडारण स्थल पर मौजूद उपखनिज और पोर्टल पर दर्ज आंकड़ों में बड़े अंतर का उल्लेख किया गया है। जांच के दौरान मैसर्स संस्कार ग्रिट्स में 347 घनमीटर, श्री लक्ष्मी नारायण स्टोन क्रेशर में 12,893 घनमीटर, ठाकुरजी स्टोन क्रेशर में 6,095 घनमीटर और त्रिवेणी इंडस्ट्रीज में 3,568 घनमीटर का अंतर पाया गया।

इसी तरह बाबा केदारनाथ में 1,387 घनमीटर, एमएनएस इंडिया में 1,356 घनमीटर, श्याम देवाय एंटरप्राइजेज में 4,004 घनमीटर, गणपति एंटरप्राइजेज में 10,022 घनमीटर, श्री शाकुम्भरी एंटरप्राइजेज में 575 घनमीटर, वासुदेव एंटरप्राइजेज में 3,670 घनमीटर और श्री राधे श्याम एंटरप्राइजेज में 365 घनमीटर का अंतर दर्ज किया गया। सभी 11 क्रेशरों में कुल 44,282 घनमीटर उपखनिज के भंडारण का अंतर सामने आया। इतनी बड़ी मात्रा में अंतर मिलने के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की।

जांच रिपोर्ट के आधार पर सभी 11 क्रेशरों की भंडारण अनुज्ञप्तियां निलंबित कर दी गई हैं। संचालकों को नोटिस जारी कर पूछा गया है कि भंडारण स्थल और सरकारी पोर्टल पर दर्ज मात्रा में इतना अंतर क्यों है। अब संचालकों के जवाब और आगे की जांच के आधार पर प्रशासन अगली कार्रवाई करेगा।

प्रशासन का कहना है कि उपखनिज के भंडारण, परिवहन और रिकॉर्ड में किसी भी तरह की अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पंचकुआ की कार्रवाई से खनन कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। यदि जांच में अनियमितताओं की पुष्टि होती है तो नियमानुसार जुर्माना और अन्य कार्रवाई भी की जा सकती है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया News 14 Today के  Facebook  पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts