सहारनपुर में पुलिस मुठभेड़, सामूहिक दुष्कर्म के मामले में वांछित आरोपी गिरफ्तार; दोनों पैरों में लगी गोली

Rapist's Encounter, Encounter in Saharanpur, Saharanpur News, Saharanpur Crime News,

सहारनपुर : उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली देहात थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने रविवार देर रात चेकिंग के दौरान मुठभेड़ के बाद सामूहिक दुष्कर्म के एक मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार करने का दावा किया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान वाजिद पुत्र साजिद, निवासी टपरी अंडरपास के पास, टपरी बाजार, थाना कोतवाली देहात, सहारनपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस, 230 रुपये नकद तथा बिना नंबर प्लेट का एक टेंपो बरामद करने का दावा किया है।

मिनी बाईपास पर चल रही थी चेकिंग

ASP मनोज यादव के अनुसार, जिले में अपराध नियंत्रण के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। हत्या, लूट, चोरी, डकैती, दुष्कर्म, गोकशी, छिनैती और अवैध नशे के कारोबार समेत अन्य आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस टीमें गश्त और संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही हैं। इसी अभियान के तहत रविवार देर रात कोतवाली देहात पुलिस की टीम मिनी बाईपास के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान टपरी की ओर से एक ऑटो आता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने टॉर्च की रोशनी दिखाकर चालक को रुकने का इशारा किया।पुलिस के मुताबिक, पुलिस टीम को देखकर चालक घबरा गया और वाहन को अचानक मोड़कर जंगल की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर भागने लगा। संदिग्ध गतिविधि को देखते हुए पुलिस टीम ने उसका पीछा शुरू कर दिया।

नाली में फंसा टेंपो, पुलिस पर फायरिंग का आरोप

ASP के मुताबिक, पीछा करने के दौरान कुछ दूरी पर कच्चे रास्ते में बनी नाली में टेंपो का एक टायर फंस गया। इसके कारण वाहन आगे नहीं बढ़ सका। पुलिस टीम जब आरोपी के करीब पहुंची तो पुलिस के अनुसार उसने जान से मारने की नीयत से पुलिसकर्मियों पर फायरिंग कर दी। अचानक हुई फायरिंग के बाद पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लग गई। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने उसे घायल अवस्था में मौके से गिरफ्तार कर लिया।

अस्पताल में कराया गया भर्ती

गोली लगने के बाद पुलिस ने आरोपी को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल सहारनपुर में भर्ती कराया। चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उपचार पूरा होने के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किए जाने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।

सामूहिक दुष्कर्म के मामले में था वांछित

पुलिस के अनुसार, आरोपी वाजिद थाना कोतवाली देहात में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 392/2026 में वांछित चल रहा था। उसके खिलाफ धारा 70(1) और 351(3) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस के मुताबिक यह मामला सामूहिक दुष्कर्म से संबंधित है और घटना के बाद से आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर था।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया News 14 Today के  Facebook  पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts