वाराणसी में लापता एमएससी छात्रा का शव मिला, किराए के कमरे से उठी दुर्गंध; हत्या का मुकदमा दर्ज

वाराणसी में लापता एमएससी छात्रा का शव मिला किराए के कमरे से उठी दुर्गंध; हत्या का मुकदमा दर्ज

वाराणसी : रोहनिया थाना क्षेत्र में दो दिन से लापता 22 वर्षीय छात्रा का शव एक किराए के कमरे से मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। कमरे से तेज दुर्गंध आने पर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरा खुलवाया तो अंदर युवती का शव मिला। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

मृतका एमएससी प्रथम वर्ष की छात्रा थी। परिजनों के अनुसार, वह 18 अगस्त की सुबह कॉलेज जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। काफी समय तक उसका कोई पता नहीं चलने पर परिवार ने उसकी तलाश शुरू की। रिश्तेदारों और परिचितों से जानकारी लेने के बाद भी कोई सुराग नहीं मिला, जिसके बाद परिजनों ने पुलिस से शिकायत की थी।

एडीसीपी क्राइम नीतू कात्यान ने बताया कि गुरुवार को डायल 112 पर सूचना मिली कि रोहनिया थाना क्षेत्र के एक मकान में करीब 20 से 22 वर्ष की युवती का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और जांच के लिए फील्ड यूनिट व फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। जांच के बाद मृतका की पहचान कर ली गई।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि जिस मकान से छात्रा का शव बरामद हुआ है, वहां एक युवक ने किराए पर कमरा लिया हुआ था। बताया जा रहा है कि युवक मृतका का दूर का रिश्तेदार भी है। परिजनों ने युवक के खिलाफ पुलिस को लिखित तहरीर दी है।

तहरीर के आधार पर पुलिस ने हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी युवक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने चार टीमों का गठन किया है। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

गुरुवार को मकान से दुर्गंध आने पर आसपास के लोगों को शक हुआ और उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस के पहुंचने के बाद कमरा खुलवाया गया, जहां छात्रा का शव बरामद हुआ। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य भी जुटाए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि छात्रा कॉलेज के लिए घर से निकलने के बाद इस किराए के कमरे तक कैसे पहुंची और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर मौत के कारणों को स्पष्ट किया जाएगा। साथ ही आरोपी युवक की तलाश जारी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर घटना के पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया News 14 Today के  Facebook  पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts