सावधान! हापुड़ से NCR पहुंच रहा मिलावटी मावा-पनीर, 48 में से 28 सैंपल फेल

सावधान! हापुड़ से NCR पहुंच रहा मिलावटी मावा-पनीर 48 में से 28 सैंपल फेल

हापुड़ : अगर आप बाजार से मावा, पनीर और इनसे बनी मिठाइयां खरीदकर खा रहे हैं, तो सावधान हो जाइए। हापुड़ में खाद्य पदार्थों की जांच से जुड़े आंकड़ों ने मिलावटखोरी की गंभीर तस्वीर सामने रखी है। पिछले एक साल में जिले से जांच के लिए भेजे गए पनीर के 48 नमूनों में से 28 नमूने फेल पाए गए हैं। इनमें चार नमूनों को असुरक्षित और 24 को सब-स्टैंडर्ड बताया गया है। यह स्थिति उपभोक्ताओं की सेहत को लेकर गंभीर चिंता पैदा करती है।

हापुड़ को दिल्ली-NCR के लिए मावा और पनीर की सप्लाई करने वाले प्रमुख क्षेत्रों में माना जाता है। यहां तैयार होने वाले उत्पाद दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद समेत आसपास के बाजारों तक पहुंचते हैं। ऐसे में खाद्य सुरक्षा जांच में बड़ी संख्या में नमूनों का मानकों पर खरा न उतरना उपभोक्ताओं के लिए चिंता का विषय है।

सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन सीएस मिश्र ने बताया कि पिछले एक वर्ष के दौरान हापुड़ जिले में पनीर के 48 नमूने जांच के लिए भेजे गए थे। इनमें से 28 नमूने फेल पाए गए। चार नमूनों को असुरक्षित घोषित किया गया, जबकि 24 नमूने सब-स्टैंडर्ड पाए गए। इन नमूनों में फैट की मात्रा निर्धारित मानकों से कम मिली।

इसी तरह खोया के 13 नमूने जांच के लिए भेजे गए, जिनमें से सात नमूने फेल पाए गए। खाद्य सुरक्षा विभाग का कहना है कि जिले में मिलावटखोरी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। सैंपल फेल होने के बाद कुछ प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की गई है। दो इकाइयों का काम बंद कराया गया है, जबकि अन्य मामलों की समीक्षा कर आगे की कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

मिलावटी खाद्य पदार्थों के सेवन को लेकर स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने भी लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कपिल गौतम के अनुसार, हानिकारक मिलावट वाले खाद्य पदार्थ शरीर के कई अंगों पर प्रतिकूल असर डाल सकते हैं। लंबे समय तक ऐसे पदार्थों के सेवन से लीवर और किडनी समेत शरीर के अन्य अंगों को नुकसान पहुंचने का खतरा हो सकता है।

उन्होंने बताया कि यदि मावा या अन्य खाद्य पदार्थों में डिटर्जेंट, यूरिया या अन्य हानिकारक रसायनों का इस्तेमाल किया जाता है तो इससे फूड प्वाइजनिंग और गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं। ऐसे में लोगों को विश्वसनीय दुकानों से ही खाद्य सामग्री खरीदने और गुणवत्ता पर संदेह होने पर संबंधित विभाग से शिकायत करने की सलाह दी गई है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया News 14 Today के  Facebook  पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts