‘रंगदारी नहीं दी तो होटल में आग लगा दूंगी’, ‘झूठे केस में फंसा दूंगी’, होटल संचालक की शिकायत पर दो पर FIR

Saharanpur News

सहारनपुर : पुरानी पशु मंडी के सामने स्थित एक होटल के संचालक ने पूर्व भाजपा नेता कोमल गुर्जर और अरुण कुमार समेत कुछ लोगों पर धमकी देकर रंगदारी वसूलने का आरोप लगाया है। होटल संचालक का कहना है कि आरोपी करीब एक साल से हर महीने 15 हजार रुपये लेते आ रहे थे। रकम देने से इनकार करने पर होटल में आग लगाने, ग्राहकों की निजी जानकारी सार्वजनिक करने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई।

गांव बालू निवासी अनुज कुमार पुरानी पशु मंडी के सामने रेस्टोरेंट एंड होटल चलाते हैं। उन्होंने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि न्यू एवन कॉलोनी निवासी कोमल गुर्जर, सलारपुरा निवासी अरुण कुमार और दो अन्य लोग पिछले करीब एक वर्ष से उन्हें धमकाकर हर माह 15 हजार रुपये की रकम लेते थे। अनुज के मुताबिक रुपये देने से मना करने पर आरोपी होटल में आने वाले ग्राहकों की निजी जानकारी सार्वजनिक करने और होटल में आग लगाने की धमकी देते थे। शिकायतकर्ता का दावा है कि लगातार धमकियों के कारण वह काफी परेशान था।

होटल संचालक के अनुसार 3 अगस्त को दोपहर आरोपी जबरन होटल में घुस आए। आरोप है कि इस दौरान उनके साथ अभद्रता की गई और होटल का एंट्री रजिस्टर छीनने का प्रयास किया गया। इसके बाद फोन के जरिए रकम देने का दबाव भी बनाया गया। अनुज ने पुलिस को बताया कि 17 अगस्त को दोपहर कोमल गुर्जर अपने साथियों के साथ कार से होटल पहुंचीं। आरोप है कि उन्होंने दोबारा रकम देने का दबाव बनाया। रुपये नहीं देने पर झूठे मुकदमे में जेल भिजवाने की धमकी दी गई। होटल संचालक ने पुलिस को मामले से संबंधित वीडियो और रिकॉर्डिंग उपलब्ध कराने की बात कही है।

सीओ गंगोह शशि प्रकाश ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। जांच की जिम्मेदारी अतिरिक्त निरीक्षक लाल सिंह को सौंपी गई है। पुलिस अब शिकायत में लगाए गए आरोपों और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर रही है। पुलिस की जांच और साक्ष्यों के आधार पर ही स्पष्ट होगा कि दोनों पक्षों के बीच विवाद की वास्तविक वजह क्या है और शिकायत में लगाए गए आरोप कितने सही हैं। वहीं, कोमल गुर्जर ने होटल संचालक की ओर से लगाए गए आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि उन्होंने होटल में कथित अनैतिक गतिविधियों का विरोध किया था और इसकी सूचना पुलिस को दी थी। उन्होंने रंगदारी मांगने और धमकी देने के आरोपों से इनकार किया है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया News 14 Today के  Facebook  पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts