डेनिस शराब विवाद पर हरीश रावत का पलटवार, बोले- जांच कराएं सुबोध उनियाल

हरीश रावत, राजनीति न्यूज, HARISH RAWAT, Harish Rawat, Political News, Dehradun News, Political News,

देहरादून : उत्तराखंड में डेनिस शराब विवाद को लेकर सियासत तेज हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल और भाजपा पर पलटवार करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कराने की चुनौती दी है। उन्होंने कहा कि यदि डेनिस शराब के मामले में घोटाला हुआ है, तो सरकार जांच कराए। वह खुद टास्क फोर्स के सामने पेश होने को तैयार हैं।

हरीश रावत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि भाजपा लगातार डेनिस शराब को लेकर उन्हें घेरती रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि उनके कार्यकाल में डेनिस गलत थी, तो आज भाजपा सरकार में इसकी बिक्री कैसे हो रही है? उनके बयान से प्रदेश में राजनीतिक बहस तेज हो गई है।

‘मेरा डेनिस, तेरा डेनिस’ नहीं, निष्पक्ष जांच हो

हरीश रावत ने कहा कि आज डेनिस के साथ हिलटॉप, काफल, माल्टा और संतरा जैसे कई ब्रांड भी बाजार में बिक रहे हैं। यदि कहीं गड़बड़ी हुई है, तो आरोप-प्रत्यारोप के बजाय निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने सुबोध उनियाल से मामले की जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि सच्चाई सामने आनी चाहिए।

‘विश्वास पर आधारित फैसला मेरी चूक थी’

पूर्व मुख्यमंत्री ने स्वीकार किया कि उनसे एक चूक हुई थी, जो विश्वास पर आधारित थी। उन्होंने बताया कि गढ़वाल मंडल विकास निगम (जीएमवीएन) और कुमाऊं मंडल विकास निगम (केएमवीएन) को लाभ में लाने के उद्देश्य से गढ़वाल और कुमाऊं में शराब बिक्री का दायित्व दिया गया था। हालांकि, उनके मुताबिक, इस प्रक्रिया में डेनिस ब्रांड किस तरह विवादों में आया, इस पर उनके सलाहकार समय रहते ध्यान नहीं दे पाए।

रावत ने सवाल उठाया कि उनका आदेश उत्तराखंड के फल-सब्जियों का इस्तेमाल करने वाले डिस्टिलर्स को 20 प्रतिशत रिजर्व मार्केटिंग राइट देने का था। इसके बावजूद तीन-चार महीने तक दूसरे ब्रांडों को सीमित कर यह हिस्सा कथित तौर पर 70 से 80 प्रतिशत तक कैसे पहुंच गया? उन्होंने पूछा कि इसके पीछे किसकी भूमिका थी और क्या इसमें मिलीभगत हुई थी।

भाजपा सरकार पर भी साधा निशाना

हरीश रावत ने कहा कि वह शुरुआत में डेनिस नाम से भी परिचित नहीं थे और लंबे समय तक इसे ‘डेनिम’ कहते रहे। उन्होंने सरकार से विशेष टास्क फोर्स गठित कर मामले की जांच कराने की मांग दोहराई।

डेनिस शराब विवाद पर कांग्रेस और भाजपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप जारी हैं। अब देखना होगा कि सरकार इस मामले में जांच को लेकर क्या कदम उठाती है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया News 14 Today के  Facebook  पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts