सहारनपुर : इंजीनियर्स डे के मौके पर आयोजित रक्तदान शिविर में महिला जूनियर इंजीनियर (JE) से कथित तौर पर बदसलूकी और जबरन शराब पिलाने की कोशिश का मामला सामने आया है। महिला JE ने अपने ही विभाग के एक JE पर गर्दन पकड़कर शराब की बोतल मुंह से लगाने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर जनकपुरी थाना पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामला 15 सितंबर का बताया जा रहा है। देहरादून चौक स्थित संघ भवन में पीडब्ल्यूडी डिप्लोमा इंजीनियर एसोसिएशन की ओर से रक्तदान शिविर आयोजित किया गया था। महिला JE तनु राजपूत के मुताबिक, शिविर के दौरान JE अनुज भारद्वाज वहां पहुंचे। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि वह नशे की हालत में थे और उन्होंने महिला JE के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए गाली-गलौज की।
महिला JE का आरोप है कि विवाद के दौरान अनुज भारद्वाज ने उनकी गर्दन पकड़ ली और करीब 200 ग्राम की पानी की बोतल, जिसमें शराब थी, उनके मुंह से लगाने की कोशिश की। उन्होंने जब इसका विरोध किया तो कथित तौर पर उनके साथ बदसलूकी और धमकी दी गई।
शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि इस तरह का व्यवहार पहले भी किए जाने का आरोप है। उन्होंने घटना के समय मौजूद महिला JE गरिमा गुप्ता, सचिन पंवार समेत अन्य लोगों के बयान दर्ज किए जाने की मांग की है, ताकि घटना की वास्तविक स्थिति सामने आ सके।
महिला JE के अनुसार, घटना के बाद भी उन्हें असुरक्षित महसूस हुआ। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। घटना के संबंध में 18 सितंबर को जनकपुरी थाने में शिकायत दी गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
एसपी सिटी व्योम बिंदल के मुताबिक, मामले में मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है और उनके बयान लिए जा रहे हैं। पुलिस उपलब्ध साक्ष्यों और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी। फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि महिला JE की ओर से लगाए गए आरोपों की पूरी स्थिति क्या है। मामले ने विभागीय स्तर पर भी चर्चा बढ़ा दी है।

