देवबंद सड़क हादसे में ठेकेदार की मौत, भतीजी की बरात से पहले छाया मातम

Saharanpur Accident News

सहारनपुर : देवबंद क्षेत्र में शुक्रवार रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने शादी वाले घर की खुशियों को मातम में बदल दिया। गागलहेड़ी-मुजफ्फरनगर स्टेट हाईवे पर रोहना टोल प्लाजा के पास अचानक सामने आई नीलगाय से बाइक टकरा गई। हादसे में बाइक सवार ठेकेदार इखलाक उर्फ काका (44) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ बाइक पर सवार मोबीन गंभीर रूप से घायल हो गए। इखलाक अपनी भतीजी की शादी में शामिल होने के लिए गांव लौट रहे थे। शनिवार को भतीजी की बरात आनी थी।

जानकारी के अनुसार फतेहपुर थाना क्षेत्र के गांव दतौली मुगल निवासी इखलाक उर्फ काका मुजफ्फरनगर में सड़क निर्माण से जुड़ी ठेकेदारी करते थे। शुक्रवार रात वह बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। उनके साथ मोबीन भी बाइक पर सवार थे। रोहना टोल प्लाजा के पास अचानक सड़क पर नीलगाय आ जाने से बाइक उससे टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों सड़क पर गिर पड़े। हादसे में इखलाक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मोबीन गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल मोबीन को उपचार के लिए सहारनपुर के मेडीग्राम अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दी। इसके बाद परिवार में कोहराम मच गया।

परिजनों के मुताबिक इखलाक की भतीजी की शादी थी और शनिवार को बरात आनी थी। परिवार में शादी की तैयारियां चल रही थीं। रिश्तेदार भी शादी में शामिल होने के लिए पहुंच चुके थे। ऐसे में इखलाक की मौत की खबर ने पूरे माहौल को बदल दिया। जिस घर में कुछ घंटों बाद बरात के स्वागत की तैयारियां होनी थीं, वहां अचानक मातम पसर गया।

इखलाक अपने पीछे पत्नी और 14 व 16 वर्ष के दो बेटों को छोड़ गए हैं। परिवार के लिए यह हादसा गहरा सदमा बनकर सामने आया है। शादी के मौके पर परिवार के एक सदस्य की अचानक मौत से रिश्तेदार और ग्रामीण भी शोक में डूब गए।

परिजनों ने बिना किसी कानूनी कार्रवाई के शव को देर रात गांव ले जाने की प्रक्रिया पूरी की। शनिवार सुबह करीब आठ बजे बेहद गमगीन माहौल में इखलाक के शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। शादी वाले घर में जहां खुशियों की तैयारियां चल रही थीं, वहीं अब परिवार और रिश्तेदार इखलाक को याद कर गम में डूबे हैं।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया News 14 Today के  Facebook  पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts