सहारनपुर : उत्तर प्रदेश के जनपद सहारनपुर में इन दिनों NGT के आदेश पर निजी खनन पट्टे पूरी तरह बंद चल रहे हैं। बावजूद इसके खनन माफिया अवैध खनन को धड्ड्ले से अंजाम दे रहे हैं। इतना ही नहीं अवैध खनन का परिवहन भी बिना प्रपत्रों के किया जा रहा है। ख़ास बात ये है कि खनन माफिया रात के अंधेरे में अवैध खनन और परिवहन कर राजस्व को करोड़ो रूपये का चुना रहे हैं। हैरत की बात ये है कि इस काम को अंजाम देने के लिए खनन माफिया न सिर्फ भाजपा के मुख्य स्लोगन “सबका साथ, सबका विकास” का सहारा ले रहे हैं बल्कि “सबका साथ, सबका विकास” से व्हाट्सअप ग्रुप बनाकर चेकिंग करने आ रहे अधिकारियों की रैकी कर उनकी लोकेशन साझा कर अवैध खनन करने वाली टीम को आगाह करते हैं। खनन विभाग ने व्हाट्सअप ग्रुप चलाने वाले ऐसे ही गिरोह का भंडाफोड़ किया है। जो खनन निरीक्षक की गाडी का पीछा कर लोकेशन खनन माफियाओं को भेज रहा था। पुलिस ने एक अभियुक्त को गाडी समेत गिरफ्तार कर लिया है जबकि एक साथ भागने में सफल हो गया।

आपको बता दें कि सहारनपुर की तहसील बेहट इलाके में यमुना नदी तटीय क्षेत्र खनन जोन के नाम से जाना जाता है। पश्चमी उत्तर प्रदेश में सहारनपुर खनन का सबसे बड़ा जोन माना जाता है। जहां शासन आदेश पर कई सरकारी पट्टे चल रहे हैं। लेकिन खनन माफिया सरकारी पट्टों से खनन लेने की बजाए यमुना नदी और आसपास के इलाकों में अवैध खनन को अंजाम दे रहे हैं। जिला प्रशासन अवैध खनन को रोकने के लिए तमाम कोशिश करता है लेकिन खनन माफिया हर बार बच जाते हैं। क्योंकि खनन माफियाओं ने फील्डरों की बड़ी टीम बनाई हुई है। जो दिन रात अधिकारियों की रैकी करते हैं और व्हाट्सअप ग्रुप पर एक दूसरे को साझा करते हैं। अधिकारियों की लोकेशन मिलते ही अवैध खनन से भरी गाड़ियों को जंगल में छिपा दिया जाता है।
ये भी पढ़िए … अवैध खनन परिवहन की चेकिंग कर रहे खनन अधिकारी पर जानलेवा हमला, 9 नामजद 50 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज
दरअसल शुक्रवार की देर रात खनन विभाग को सुचना मिली थी कि कुछ लोग अवैध खनन व परिवहन कर रहे हैं। सूचना पर देर रात जांच के लिए पहुंचे खान निरीक्षक पर हमला करने की नीयत से सफेद रंग की गाड़ी खनन अधिकारी के पीछे लगा दी। खान निरीक्षक अभिलाष दुबे अवैध खनन व परिवहन में संलिप्त वाहनों को पकड़ने के लिए तहसील बेहट क्षेत्र के खनन जोन की ओर जा रहे थे। इस दौरान सफ़ेद रंग की एक गाड़ी संख्या UP16BQ-4432 खान निरीक्षक सहारनपुर की गाड़ी का पीछा कर उनकी लोकेशन पता कर रही थी। गाड़ी में दो लोग सवार थे। खान निरीक्षक ने पीछा किये जाने पर अभियुक्तों के वाहन को रोकने का प्रयास किया तो अभियुक्तों ने गाडी छोड़ कर भाग खड़े हुए।
ये भी पढ़िए … NGT की रोक के बाद असलमपुर बरथा में अवैध खनन जारी, खनन माफिया रात के अँधेरे में पॉकलाइन मशीनों से कर रहे अवैध खनन
एसपी देहात सागर जैन ने बताया कि रात के अँधेरे में भागते हुए नफीस अहमद नाम का गिर कर चोटिल हो गया जबकि उसका साथी गुफरान भागने में सफल हो गया। खनन विभाग की टीम ने नफीस अहमद को गिरफ्तार कर उसकी गाडी जब्त कर ली। पकडे गए नफीस अहमद के पास से 2 मोबाइल बरामद हुए हैं। जिसमें “सबका साथ, सबका विकास” नाम से व्हाट्सएप ग्रुप बनाया हुआ था। इस व्हाट्सअप ग्रुप में अधिकारियों की लोकेशन लीक कर वॉयस रिकार्डिंग व अन्य मैसेज फारवर्ड किये गये थे। वाहन स्वामी द्वारा उप खनिज लदे वाहनों को बिना परिवहन प्रपत्र के पास कराया जा रहा था। गिरफ्तार कर नफीस को थाना मिर्जापुर के सुपुर्द किया गया। जिसके सम्बन्ध में गिरफ्तार व्यक्ति नफीस व वाहन स्वामी तथा व्हाट्सएप में जुड़े सभी लोकेशन आउट व्यक्तियों व संलिप्त अन्य अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध थाना मिर्जापुर में मुकदमा दर्ज किया गया है।
ये भी पढ़िए … NGT की रोक के बाद भी अवैध खनन का खेल जारी, खनन माफिया बिना पट्टों के अवैध खनन को दे रहे अंजाम
खनन विभाग और पुलिस अब इस बात का पता लगाने में जुटी है कि “सबका साथ,सबका विकास” व्हाट्सअप ग्रुप किसके कहने पर बनाया गया था। पुलिस पूछताछ में नफीस ने बताया कि “सबका साथ,सबका विकास” नाम से ग्रुप इसलिए बनाये गए थे क्योंकि यह भाजपा का बड़ा स्लोगन है। जिसके जरिये भाजपा केंद्र और कई राज्यों में सरकार बनाने में सफल हुई है। सायद यही वजह है कि खनन माफिया भी भाजपा के “सबका साथ, सबका विकास” स्लोगन का इस्तेमाल कर रहे हैं। जिससे पकडे जाने पर अधिकारीयों की रैकी के बारे में पता ना चल सके। इनके पीछे किन खनन कारोबारी या खान माफियाओं का हाथ है अब पुलिस इस छानबीन में जुट गई है। खनन माफिया व्हाट्सअप ग्रुप के जरिये पुरे जोन पर नजर बनाये हुए थे। सैकड़ों लोगों की टीम अधिकारियों के आने – जाने की हर लोकेशन ग्रुप पर साझा कर अवैध खनन से भरे वाहनों को सचेत कर देते थे।
गौरतलब है कि करीब डेढ़ माह पहले इसी तरह रैकी कर खनन अधिकारी और स्टाफ ओर खनन माफियाओं ने जान लेवा हमला कर दिया था। जिसमे कई लोगों को चोटें आई थी। दर्जनों लोगों की गिरफ्तारी के साथ 50 से ज्यादा लोगों के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमे दर्ज किये गए थे। बावजूद इसके खनन माफिया अवैध खनन करने से बाज़ नहीं आ रहे है।
ये भी पढ़िए … सहारनपुर में अवैध खनन का खेल जारी, रात के अंधेरे में ग्राम समाज और श्मशान की भूमि में हो रहा अवैध खनन