सहारनपुर : जिला महिला अस्पताल से चोरी हुए नवजात शिशु को जनकपुरी पुलिस ने करीब दो दिन की लगातार पड़ताल के बाद सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने 250 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगालकर बच्चे को हरिद्वार जिले के बहादराबाद से बरामद किया। मौके से आरोपी महिला को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक महिला नवजात को लेकर बहादराबाद बाईपास स्थित जया मैक्सवेल अस्पताल के बाहर किसी व्यक्ति के आने का इंतजार कर रही थी।
नवजात की बरामदगी के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली। बच्चे को अपनी गोद में वापस पाकर मां शबाना भावुक हो गई। उसने बेटे को सीने से लगाकर दूध पिलाया और पुलिस का आभार जताया।
टीका लगवाने के बहाने गोद से ले गई थी बच्चा
पुलिस के मुताबिक देहात कोतवाली क्षेत्र के शेखपुरा कदीम निवासी नाजिम ने अपनी पत्नी शबाना को प्रसव के लिए जिला महिला अस्पताल में भर्ती कराया था। रविवार देर रात करीब डेढ़ बजे शबाना ने बेटे को जन्म दिया। सोमवार दोपहर प्रसव के करीब 12 घंटे बाद नाजिम नवजात को लेकर ऑपरेशन थिएटर के पास पहुंचा था।
इसी दौरान सफेद कपड़े पहने एक महिला ने नाजिम से बातचीत की और बच्चे को टीका लगवाने की बात कही। महिला ने नाजिम से टीकाकरण कार्ड लाने को कहा। जैसे ही नाजिम कार्ड लेने के लिए वहां से गया, महिला नवजात को लेकर अस्पताल से बाहर निकल गई। बच्चा गायब होने की जानकारी मिलते ही अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर जनकपुरी पुलिस ने तत्काल CCTV फुटेज खंगालनी शुरू की।
एक-एक कैमरे की फुटेज जोड़कर पकड़ा रास्ता
पुलिस ने केवल अस्पताल परिसर ही नहीं, बल्कि वहां से बाहर निकलने वाले संभावित रास्तों पर लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग भी जुटाई। 250 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज को जोड़ते हुए पुलिस टीम महिला के आने-जाने के रास्ते का पता लगाने में जुटी रही।
फुटेज में महिला के हरियाणा की दिशा से आने और बाद में उत्तराखंड की ओर जाने के संकेत मिले। इसी सुराग के आधार पर पुलिस टीम हरिद्वार जिले के बहादराबाद पहुंची। यहां बाईपास स्थित जया मैक्सवेल अस्पताल के बाहर महिला नवजात को गोद में लिए दिखाई दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर महिला को हिरासत में लिया। उसके पास वही बच्चा था, जिसे वह सहारनपुर के महिला अस्पताल से लेकर फरार हुई थी।
लोगों को फोन कर बताया- बेटा हुआ है
एसपी सिटी व्योम बिंदल के मुताबिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी महिला ने अपने मोहल्ले के कुछ लोगों को फोन कर बताया था कि उसके बेटा हुआ है और वह बच्चे को लेकर घर आ रही है। उसने नवजात के लिए कपड़े भी खरीदे थे और दूध पिलाने के लिए बोतल भी ली थी।
पुलिस के अनुसार महिला का अपना कोई बच्चा नहीं है और वह पति से अलग रहती है। पुलिस को आशंका है कि वह नवजात को अपना बच्चा बताकर अपने पास रखने की तैयारी में थी। बहादराबाद में वह किसी व्यक्ति के आने का इंतजार कर रही थी। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि क्या वह बच्चे को जया मैक्सवेल अस्पताल में भर्ती किसी महिला को सौंपने वाली थी।
साजिश में किसी और की भूमिका की जांच
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नवजात चोरी की घटना पहले से बनाई गई योजना का हिस्सा थी या महिला ने अचानक वारदात को अंजाम दिया। साथ ही संभावित सहयोगियों और उस व्यक्ति की भी तलाश की जा रही है, जिसका महिला बहादराबाद में इंतजार कर रही थी।
बेटे के सकुशल मिलने की खबर जैसे ही परिवार को मिली, उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। मां शबाना ने कहा कि वह दो दिन से सो नहीं पाई थी और रो-रोकर उसका बुरा हाल था। बच्चे को सीने से लगाते हुए उसने कहा कि पुलिस ने उसके बेटे को उसकी झोली में वापस डाल दिया।

