सहारनपुर : बुधवार को सीजन का सबसे अधिक कोहरा देखने को मिला है। घने कोहरे के चलते सहारनपुर डिपो की बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा कर हाइवे पर पलट गई। हादसे में दर्जन भर यात्री घायल हो गए। जबकि 30 से ज्यादा यात्रियों की जान बाल बाल बच गई।

बस में सवार यात्रियों की चीख पुकार सुन राहगीर और आसपास के लोगों ने बामुश्किल बस से घायल यात्रियों को निकाल कर अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं हादसे के बाद रोडवेज अधिकारियों में भी हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि हादसा घने कोहरे में ट्रक को बचाने के चक्कर में हुआ है।
आपको बता दें कि सहारनपुर डिपो की रोडवेज बस बुधवार की सुबह दिल्ली के लिए निकली थी। बस में करीब 45 यात्री सवार थे। बस सहारनपुर से निकल कर दिल्ली यमुनोत्री हाईवे पर पहुंची। सुबह से ही घना कोहरा आया हुआ था। विजिबिलिटी शून्य के बराबर थी। बस थाना रामपुर मनिहारान इलाके में पहुंची तो अचानक नियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा कर पलट गई।

बस पलटते ही यात्रियों में चीखपुकार मच गई। बस में सवार यात्री बस में फंस गए। आनन फानन में राहगीरों ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी यात्रियों को बस से बाहर निकाला। इस हादसे में 12 यात्रियों को गंभीर चोटें आ गई। जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
एसएसपी रोहित साजवान ने बताया कि सहारनपुर डिपो की बस दिल्ली की तरफ जा रही थी। इसी दाैरान रामपुर मनिहारन थाना क्षेत्र में हादसा हुआ। बस में करीब 42 यात्री सवार थे।गलत दिशा में खड़े ट्रक को बचाने के प्रयास में यह हादसा हुआ है। गनीमत ये रही कि हादसे में किसी की जानमाल को कोई नुकसान नहीं हुआ। ट्रक चालक के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया News 14 Today के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...