सहारनपुर : पेपर मिल रोड स्थित 220 केवी बिजली घर में 20 एमवीएआर कैपेसिटर यूनिट में अचानक आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही विद्युत निगम के अधिकारियों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में क्षेत्र की आपूर्ति काटकर आग बुझाने के प्रयास शुरू किए गए।
शुक्रवार शाम करीब पांच बजे बिजली घर के उपकरणों में अचानक आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही विद्युत निगम के अधिकारी व पूर्व पार्षद प्रदीप उपाध्याय मौके पर पहुंच गए। निगम के अधिशासी अभियंता राहुल गौतम व कर्मचारियों ने अग्निशमन प्रणाली से आग बुझाना शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर दमकल की गाड़ियां भी मौके पर पहुंच गईं। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। गनीमत रही कि आग अन्य उपकरणों तक नहीं फैली, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
उपकरणों में आग लगने के कारण क्षेत्र की आपूर्ति काट दी गई। आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद शाम सात बजे आपूर्ति चालू कर दी गई। अधिशासी अभियंता राहुल गौतम ने बताया कि आग लगने की सूचना मिली थी। आग पर काबू पा लिया गया है। कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ है। आग शार्ट सर्किट से लगी होगी। कारणों की जांच की जा रही है। भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों, इसके लिए कदम उठाए जा रहे हैं। Saharanpur News