शंभू बॉर्डर पर तैनात ईएसआई कौशल कुमार का हुआ निधन

चंडीगढ़, 20 फरवरी। किसान आंदोलन में शंभू बॉर्डर पर तैनात एक और पुलिसकर्मी ईएसआई  कौशल कुमार का आज निधन हो गया। ड्यूटी के दौरान आज अचानक  कौशल कुमार की तबीयत खराब हुई जिसके बाद उन्हें तुरंत अंबाला के सिविल अस्पताल ले जाया गया जहां पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस महानिदेशक शत्रुजीत कपूर ने उनकी मृत्यु पर शोक व्यक्त करते हुए ईश्वर से उनकी आत्मा की शान्ति की कामना की।  

रिपोर्ट के अनुसार, ईएसआई कौशल कुमार की ड्यूटी किसान आंदोलन के दौरान घग्गर नदी के पास पुल के नीचे लगाई गई थी। वे 56 वर्ष के थे। वे जिला यमुनानगर में गांव कांजीवास के रहने वाले थे और थाना छप्पर में ईएसआई के पद पर कार्यरत थे। उनकी मृत्यु के समाचार से हरियाणा पुलिस और उनके परिजनों में शोक का माहौल है। श्री कौशल कुमार सदैव अपनी ड्यूटी को पूरी गंभीरता व समर्पण भाव के साथ करते थे। वे अपने सहयोगी पुलिसकर्मियों के लिए प्रेरणास्रोत थे। अपनी सर्विस के दौरान उन्होंने कई सराहनीय व उदाहरणात्मक कार्य किए। उनका अचानक दुनिया छोड़कर जाना हरियाणा पुलिस के लिए अपूरणीय क्षति है जो हमारे सुरक्षाकर्मियों द्वारा दिए गए बलिदानों की याद दिलाता है।  

गौरतलब है कि 16 फरवरी को शंभू बॉर्डर पर तैनात जीआरपी के सब-इंस्पेक्टर हीरालाल की भी अचानक तबीयत खराब होने से मृत्यु हो गई थी। किसान आंदोलन के दौरान हरियाणा पुलिस के यह दूसरे पुलिसकर्मी है जिनकी शंभू बॉर्डर पर ड्यूटी के दौरान मृत्यु हुई है। इन दोनो पुलिसकर्मियों की मृत्यु हरियाणा पुलिस के लिए बहुत ही दुखद है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया News 14 Today के  Facebook  पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...

Related posts